राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का लोरो में हुआ शुभारंभ, स्वयंसेवक ग्रामीण क्षेत्र में करेंगे जनजागरूकता एवं सेवा कार्य
जशपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चराईडांड की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा 13 नवंबर 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला लोरो में सात दिवसीय विशेष शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर के माध्यम से स्वयंसेवक ग्रामीण क्षेत्र में सेवा, सहयोग, सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत दुलदुला के अध्यक्ष श्री राजकुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत लोरो क्षेत्र की बीडीसी श्रीमती पुष्पा टोप्पो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत लोरो के सरपंच श्री बालकिशुन बेसरा ने की।
इस अवसर पर कृषि विभाग से ग्राम सहायक कु. रश्मि साय (लोरो), कु. दीप्ति (डोभ), प्राथमिक शाला लोरो के प्रधान पाठक श्री तिलक राम निराला, सहायक शिक्षक श्री सरोज पटेल, श्रीमती नीलम टोप्पो, बीएलओ श्री फुलेश्वर बेसरा, पंच श्री चेतनारायण भगत सहित अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संरक्षण संस्था प्रमुख एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चराईडांड के प्राचार्य श्री क्यूरियस टोप्पो ने किया। वहीं विशेष सहयोगी के रूप में श्रीमती ममता सिंह की उपस्थिति रही। कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित शुभारंभ समारोह विधिवत संपन्न हुआ।
राष्ट्रीय सेवा योजना के इस सात दिवसीय विशेष शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को समाजसेवा, सामूहिक उत्तरदायित्व, अनुशासन और ग्रामीण परिवेश से जुड़कर कार्य करने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्वयंसेवकों में सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना विकसित करने की दिशा में यह शिविर महत्वपूर्ण साबित होगा।
