खबर का असर: 36 घंटे के भीतर हरकत में आया प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग, बनकोम्बो–सलियाटोली–कुनकुरी सड़क में जेसीबी लगाकर झाड़ियों की सफाई शुरू, तत्काल कांक्रीट से भरे जाएंगे गड्ढे,नवम्बर में होगा डामरीकरण
ताजा खबरें


बड़ी खबर

खबर का असर: 36 घंटे के भीतर हरकत में आया प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग, बनकोम्बो–सलियाटोली–कुनकुरी सड़क में जेसीबी लगाकर झाड़ियों की सफाई शुरू, तत्काल कांक्रीट से भरे जाएंगे गड्ढे,नवम्बर में होगा डामरीकरण

नारायणपुर। बनकोम्बो–सलियाटोली–कुनकुरी मार्ग की मोड़ों पर उगी झाड़ियों से दुर्घटनाओं की आशंका को लेकर प्रकाशित समाचार का असर महज 36 घंटे के भीतर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आया और सड़क के घुमावदार मोड़ों सहित किनारे उगे खरपतवार एवं झाड़ियों की सफाई का काम जेसीबी मशीन लगाकर शुरू करा दिया गया है।

गौरतलब है कि इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। वहीं, सड़क के कई घुमावदार मोड़ों पर दोनों ओर झाड़ियां और खरपतवार इतने अधिक उग आए थे कि सामने से आने वाले वाहनों को देख पाना मुश्किल हो रहा था। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए ये मोड़ काफी जोखिम भरे बने हुए थे। झाड़ियों के कारण आमने-सामने से आने वाले वाहनों की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती थी, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई थी।

इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए समाचार प्रकाशित किया गया था। खबर सामने आने के बाद विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जेसीबी मशीन के माध्यम से सफाई कार्य शुरू करा दिया है। झाड़ियों और खरपतवारों को हटाया जा रहा है।अब वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों को देखने में आसानी होगी। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।

गड्ढों को फिलहाल कांक्रीट से भरने की तैयारी

सड़क पर बने गड्ढों को लेकर भी विभाग ने कार्रवाई की तैयारी की है। डामर की उपलब्धता फिलहाल नहीं होने के कारण तत्काल राहत के तौर पर गड्ढों को कांक्रीट से भरने की योजना बनाई गई है। वहीं, नवंबर माह में डामर उपलब्ध होने के बाद सड़क के खराब हिस्सों में दोबारा डामरीकरण कर उन्हें दुरुस्त किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के एसडीओ ने बताया कि सड़क किनारे जहां-जहां खरपतवार एवं झाड़ियां उग आई हैं, वहां जेसीबी लगाकर सफाई कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि डामर की उपलब्धता फिलहाल नहीं होने के कारण तत्काल गड्ढों को कांक्रीट से भरा जा रहा है। नवंबर माह में संभवतः डामर उपलब्ध हो जाएगा, जिसके बाद सड़क के खराब स्थानों पर डामरीकरण कर मरम्मत कार्य पूरा कराया जाएगा।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित इस मार्ग की पांच साल की अनुरक्षण अवधि में सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी भी निर्धारित रहती है। ऐसे में ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग केवल सफाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क की गुणवत्ता सुधारने और गड्ढों की मरम्मत का काम भी निर्धारित समय में पूरा कराएगा।

फिलहाल झाड़ियों की सफाई शुरू होने से वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि नवंबर में  डामरीकरण का कार्य कितनी जल्दी पूरा करता है विभाग ,और बनकोम्बो–सलियाटोली–कुनकुरी मार्ग एक बार फिर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लायक बन पाता है या नही ये तो आने वाला समय ही बताएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image