कलम की आवाज पहुंची जिम्मेदारों तक, नारायणपुर में जलाऊ लकड़ी की किल्लत पर समाचार प्रकाशित होने के 24 घंटे के भीतर वन विभाग ने भेजी लकड़ी की खेप, लोगों को मिलेगी जल्द राहत
चार-पांच महीने से लकड़ी के लिए भटक रहे थे लोग, खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया वन विभाग, ट्रक के माध्यम से पहुंची लकड़ी
नारायणपुर। कहते हैं कि कलम की ताकत तभी सार्थक होती है, जब उसकी आवाज से आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो। नारायणपुर में जलाऊ लकड़ी की लंबे समय से बनी किल्लत को लेकर प्रकाशित समाचार का असर महज 24 घंटे के भीतर देखने को मिला है। समाचार प्रकाशित होने के 24 घंटे के अंदर ही वन विभाग के नारायणपुर स्थित लकड़ी डिपो में ट्रक के माध्यम से जलाऊ लकड़ी की नई खेप पहुंच गई। महीनों से लकड़ी के लिए परेशान हो रहे स्थानीय लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है।
गौरतलब है कि घने जंगलों से घिरे नारायणपुर में पिछले करीब चार से पांच महीनों से वन विभाग के लकड़ी डिपो में जलाऊ लकड़ी की किल्लत बनी हुई थी। स्थिति यह थी कि घरेलू उपयोग से लेकर होटल, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था और यहां तक कि अंतिम संस्कार जैसे जरूरी कार्यों के लिए भी लोगों को समय पर लकड़ी नहीं मिल पा रही थी। जरूरत के समय डिपो पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को कई बार निराश होकर वापस लौटना पड़ता था।
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानी और वन विभाग की आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए समाचार प्रकाशित किया गया था। खबर में यह भी सामने आया था कि डिपो में लकड़ी की कमी को लेकर करीब दो महीने पहले ही संबंधित उच्च अधिकारियों को मांग पत्र भेजा जा चुका था, लेकिन लंबे समय तक आपूर्ति नहीं हो पाई थी। डिपो में बची हुई लकड़ी की मोटाई अधिक होने के कारण वह भी आम उपभोक्ताओं की जरूरत के अनुरूप नहीं थी।
समाचार प्रकाशित होने के महज 24 घंटे के भीतर ही डिपो में ट्रक से जलाऊ लकड़ी पहुंचना इस बात का संकेत है कि आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जिम्मेदार विभागों तक पहुंचाने से सकारात्मक पहल संभव है। लंबे समय से लकड़ी की राह देख रहे लोगों को अब उम्मीद है कि डिपो में नियमित रूप से लकड़ी उपलब्ध हो सकेगी और उन्हें अपनी जरूरतों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
अब नियमित आपूर्ति पर टिकी लोगों की नजर
लकड़ी की नई खेप पहुंचने से निश्चित रूप से राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन स्थानीय लोगों की मांग है कि डिपो में जलाऊ लकड़ी की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। घरेलू जरूरतों के साथ-साथ होटल संचालकों, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था और दाह संस्कार जैसे संवेदनशील कार्यों के लिए भी उचित आकार एवं मोटाई की लकड़ी उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा निर्मित न हो।
नारायणपुर जैसे वन संपदा से समृद्ध क्षेत्र में लोगों को जलाऊ लकड़ी के लिए महीनों तक परेशान होना पड़े, यह अपने आप में व्यवस्था से जुड़ा बड़ा सवाल था। फिलहाल समाचार प्रकाशन के 24 घंटे के भीतर लकड़ी की खेप पहुंचना क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। अब उम्मीद है कि वन विभाग इस व्यवस्था को आगे भी सुचारू बनाए रखेगा।
