जिस मां ने जन्म दिया, उसी की हत्या का आरोपी बना बेटा! शराब के नशे में घर पहुंचकर किया विवाद, मारपीट में गंभीर घायल मां ने अस्पताल में तोड़ा दम,आरोपी गिरप्तार
जशपुरनगर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली में मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में घर पहुंचे 22 वर्षीय बेटे ने खाना मांगने की बात पर अपनी ही मां से विवाद कर लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर अधजले लकड़ी के डंडे से मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गढ़ाटोली निवासी सुरेन्द्र मिंज 7 नवंबर की शाम डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गया हुआ था। घर में उसकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर और अन्य बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उसका बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना मांगने लगा। मां ने घर में दिन का खाना रखा होने की बात कहते हुए उसे निकालकर खाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया गया कि विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे से अपनी मां पर हमला कर दिया। मारपीट में महिला के हाथ, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आईं। इस दौरान मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। इसके बाद आरोपी अपने छोटे भाई को धमकाते हुए मौके से फरार हो गया।
अगली सुबह घटना की जानकारी मिलने पर महिला का पति जिला अस्पताल पहुंचा। वहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मामले की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज करते हुए विवेचना शुरू की।
### आरोपी की निशानदेही पर लकड़ी का डंडा जप्त
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का विद्यार्थी है और मनोरा स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। घटना के दिन वह दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अधजला लकड़ी का डंडा गवाहों की उपस्थिति में जप्त किया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए तथा मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
### आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22 वर्ष), पिता सुरेन्द्र मिंज, निवासी गढ़ाटोली जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उसके विरुद्ध सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 369/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू एवं नंदलाल राम, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक शोभ नाथ सिंह तथा नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
### गंभीर अपराध करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
