संतोष टांडे को पुनः मिली कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन जिला जशपुर की कमान, सर्वसम्मति से बने जिला संयोजक
ताजा खबरें


बड़ी खबर

संतोष टांडे को पुनः मिली कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन जिला जशपुर की कमान, सर्वसम्मति से बने जिला संयोजक

जशपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन जिला जशपुर के जिला संयोजक पद पर संतोष कुमार टांडे को पुनः सर्वसम्मति से चयनित किया गया है। 7 नवंबर 2026 को कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुनकुरी में फेडरेशन की आयोजित जिला स्तरीय बैठक में जिले के विभिन्न कर्मचारी-अधिकारी संगठनों के जिलाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने एकमत होकर उनके नाम पर सहमति जताई। उनके पुनः जिला संयोजक बनने पर कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के निर्देशानुसार जिला संयोजक के चयन के लिए यह बैठक आयोजित की गई थी। बैठक को प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने फेडरेशन की उपलब्धियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए उपस्थित सभी जिलाध्यक्षों से आपसी समन्वय और सहमति के आधार पर निर्विवाद रूप से जिला संयोजक का चयन कर प्रांत को अवगत कराने का आग्रह किया।

चयन प्रक्रिया के तहत उपस्थित जिलाध्यक्षों ने सर्वसम्मति से अर्जुन रत्नाकर को चुनाव प्रभारी तथा देवशरण सिंह को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया। इसके बाद चुनाव प्रभारी एवं पर्यवेक्षक ने सभी जिलाध्यक्षों को अपना विचार रखने के लिए दो-दो मिनट का समय दिया। इस दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने फेडरेशन की एकजुटता, कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संबंध में अपने सुझाव रखे।

इसके पश्चात चुनाव प्रभारी एवं पर्यवेक्षक ने प्रस्तावक और समर्थक के माध्यम से प्रत्याशी का नाम आमंत्रित किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार टांडे के नाम का प्रस्ताव सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिलाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने रखा। प्रस्ताव का समर्थन राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार अम्बस्ट एवं वन कर्मचारी संघ के अविनाश शर्मा ने किया। बैठक में उपस्थित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के जिलाध्यक्षों, फेडरेशन के जिला पदाधिकारियों एवं तहसील संयोजकों ने सर्वसम्मति से संतोष कुमार टांडे के नाम पर मुहर लगाई। इसके बाद चुनाव प्रभारी अर्जुन रत्नाकर एवं चुनाव पर्यवेक्षक देवशरण सिंह ने उनके जिला संयोजक चुने जाने की विधिवत घोषणा की।

बैठक में संजीव प्रसाद, जिलाध्यक्ष छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ, मो. रफीक खान, जिलाध्यक्ष छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ, अजय कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, राजेश कुमार अम्बस्ट, जिलाध्यक्ष राज्य कर्मचारी संघ, विनय कुमार श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ, जोगेंद्र प्रसाद यादव, जिलाध्यक्ष लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ, सुभाष शर्मा, जिलाध्यक्ष स्वास्थ्य संयोजक संघ एवं तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, श्याम बिहारी चौहान, जिलाध्यक्ष पंचायत राज अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन, नंदकुमार यादव एवं अविनाश शर्मा, वन कर्मचारी संघ, सोहन राम भगत, जिलाध्यक्ष तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ तथा शिलावती, जिलाध्यक्ष लघु वेतन कर्मचारी संघ सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता, पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष के.के. पटेल, क्रांतिकारी शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार बेहरा, प्रदेश शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष महेश कुमार यादव तथा वाहन चालक संघ के जिलाध्यक्ष जयधन नायक ने दूरभाष के माध्यम से संतोष कुमार टांडे के नाम का समर्थन किया।

इस अवसर पर फेडरेशन के पदाधिकारी अरविन्द कुमार मिश्रा, संतोष कुमार शुक्ला, डॉ. नरेश चौहान, बालदेव गवला, रोहित त्रिपाठी, कुंदन गुप्ता, भरत कुमार यादव, संजय बेक, पुरेन्द्र राम यादव, दीपक मार्टीन, लखन लाल भारद्वाज, भुनेश्वर सूर्यवंशी, महावीर राम, उत्तम पैंकरा एवं बी.आर. धिरही सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिम्मेदारी को निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का लिया संकल्प

पुनः जिला संयोजक चुने जाने पर संतोष कुमार टांडे ने सभी कर्मचारी संगठनों के जिलाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के निर्देशों तथा सभी पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में फेडरेशन के प्रत्येक कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संपादित करेंगे। उन्होंने संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए कर्मचारी-अधिकारी हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प भी व्यक्त किया। अंत में देवशरण सिंह ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

Leave Your Comment

Click to reload image