ब्रेकिंग न्यूज : जशपुर में पांच वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या से सनसनी, खेत के गड्ढे में बोरी-कंबल और गोदरी में लिपटा मिला मासूम का शव, पुलिस ने संदेही को हिरासत में लिया
ताजा खबरें


बड़ी खबर

ब्रेकिंग न्यूज : जशपुर में पांच वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या से सनसनी, खेत के गड्ढे में बोरी-कंबल और गोदरी में लिपटा मिला मासूम का शव, पुलिस ने संदेही को हिरासत में लिया

जशपुर। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम बालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन दिनों से लापता बालक का शव ग्राम सन्ना में एक खेत के गड्ढे में बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सन्ना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही आरोपी वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम का पांच वर्षीय पुत्र जितेंद्र राम 5 नवंबर 2026 से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में बहादुर नामक व्यक्ति के खेत में स्थित एक गड्ढे में बालक का शव बोरी, कंबल एवं गोदरी में लिपटा हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मामले की सूचना पर थाना सन्ना पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में हत्या का अपराध पाए जाने पर अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 137(1)(ख) एवं 238(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया है।

विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम गोरियापाठ चलनी निवासी वासुदेव उर्फ टांगनु को संदेही के रूप में हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि संदेही आरोपी और मृतक के पिता आपस में ममेरे भाई हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

पांच वर्षीय मासूम की हत्या के पीछे आखिर क्या वजह रही और इस वारदात में अन्य कोई पहलू भी जुड़ा है या नहीं, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने बताया है कि मामले की विस्तृत जानकारी पृथक से जारी की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image