15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने से पहले कुनकुरी क्षेत्र में प्रशासन का बड़ा एक्शन, 10 व्यापारियों के प्रतिष्ठानों की जांच में 6 के यहां मिला तय सीमा से अधिक धान, 773 बोरी यानी 310.2 क्विंटल धान जब्त
कुनकुरी/नारायणपुर । छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले जिला प्रशासन ने अवैध धान व्यापार, अनियमित भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जशपुर कलेक्टर के निर्देश पर कुनकुरी तहसील में राजस्व, खाद्य एवं कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने लाइसेंसधारी धान व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया।
तहसीलदार कुनकुरी, खाद्य निरीक्षक एवं मंडी विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने तहसील क्षेत्र के 10 लाइसेंसधारी व्यापारियों की दुकानों एवं गोदामों की जांच की। इस दौरान 6 व्यापारियों के यहां निर्धारित सीमा से अधिक धान का भंडारण पाया गया। जांच में कुल 773 बोरी धान, जिसका अनुमानित वजन 310.2 क्विंटल है, जब्त किया गया।
प्रशासनिक टीम ने जब्त धान को संबंधित व्यापारियों की सुपुर्दगी में देते हुए मंडी इंस्पेक्टर को नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं खाद्य विभाग एवं मंडी समिति की संयुक्त टीम द्वारा मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में तहसीलदार ने बताया कि जिले में धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध धान व्यापार और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की टीमें व्यापारियों के भंडारण और धान के कारोबार पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखना है, ताकि समर्थन मूल्य पर होने वाली खरीदी का वास्तविक लाभ किसानों को मिल सके और बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान खपाने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके। आगामी दिनों में भी जिले में इस तरह की जांच एवं कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।
