घर में घुसकर अलमारी से सोने के चोरी करने वाले आरोपी की चालाकी नहीं आई काम, बागबहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर जेवर किए बरामद
ताजा खबरें


बड़ी खबर

घर में घुसकर अलमारी से सोने के चोरी करने वाले आरोपी की चालाकी नहीं आई काम, बागबहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर जेवर किए बरामद

जशपुर। जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरबहार में घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने के एक जोड़ी कर्णफूल भी बरामद कर जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर भगत (34 वर्ष), निवासी ग्राम डूमरबहार के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ललित यादव (20 वर्ष) ने 4 नवंबर 2026 को थाना बागबहार में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 3 नवंबर की रात करीब 9 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद दुकान में सोने चले गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब वह होटल से अपने घर पहुंचा तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला मिला। घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली हुई थी तथा सामान बिखरा पड़ा था।

इसके बाद प्रार्थी ने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। तीनों ने घर में रखे सामान की जांच की तो अलमारी में रखा सोने का एक जोड़ी कर्णफूल गायब मिला। प्रार्थी ने घर के आसपास शंकर भगत को घूमते हुए देखने की बात बताते हुए उस पर चोरी का संदेह जाहिर किया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) एवं 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बागबहार पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम डूमरबहार में पतासाजी शुरू की और शंकर भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने और अलमारी में रखे सोने के कर्णफूल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने के एक जोड़ी कर्णफूल बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार उप निरीक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सनमानी, आरक्षक पवन पैंकरा, आरक्षक सुरेश कुमार नाग एवं सैनिक राकेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image