अब खेतों में ड्रोन उड़ाकर किसानों की मदद करेंगी जशपुर की बिहान दीदियां, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चार महिलाओं को प्रदान किए ड्रोन पायलट प्रशिक्षण प्रमाणपत्र
जशपुरनगर, 05 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में जशपुर जिले की चार बिहान दीदियों को ड्रोन पायलट प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाणपत्र प्रदान किए। ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अब ये महिलाएं आधुनिक कृषि तकनीक के माध्यम से किसानों को सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वयं भी स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ेंगी। इससे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ जिले में कृषि यंत्रीकरण को भी नई गति मिलेगी। ड्रोन पायलट प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं में कांसाबेल विकासखंड के ग्राम चेतबा की श्रीमती शांति बाई, बगीचा विकासखंड के ग्राम बिमड़ा की शकीला खातून, ग्राम सन्ना की पार्वती नगेशिया तथा जशपुर विकासखंड के ग्राम जुरगुम की चिंता सिंह शामिल हैं। इन सभी महिलाओं ने रायपुर स्थित डीजीसीए से संबंधित संस्थान से ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रशिक्षण प्राप्त सभी महिलाओं को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और यंत्रीकरण को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। हमारा प्रयास है कि खेती-किसानी को अधिक सुविधाजनक, कम श्रमसाध्य और लाभकारी बनाया जाए। कृषि कार्यों में ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। इसके माध्यम से कम समय में बड़े क्षेत्र में फसलों पर छिड़काव किया जा सकेगा, जिससे किसानों के समय और श्रम की बचत होगी तथा कृषि कार्यों की दक्षता भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बिहान की महिलाओं को ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण देकर आधुनिक तकनीक से जोड़ना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आय के नए अवसर मिलेंगे। वे आत्मनिर्भर बनने के साथ किसानों को भी आधुनिक कृषि सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
*फसलों में छिड़काव के लिए मिलेगी आधुनिक सुविधा*
उल्लेखनीय है कि जिले में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला खनिज संस्थान न्यास, कृषि विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से यह पहल की गई है। प्रशिक्षण प्राप्त ड्रोन दीदियां अब धान, मक्का सहित अन्य फसलों में कीटनाशक, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, फसल पोषक तत्वों एवं जैविक दवाइयों के छिड़काव की सेवाएं प्रदान करेंगी। ड्रोन तकनीक के माध्यम से कम समय में कई एकड़ खेतों में एकसमान और निर्धारित मात्रा में छिड़काव किया जा सकेगा। इससे किसानों को पारंपरिक छिड़काव की तुलना में समय और श्रम की बचत होगी। साथ ही कीटनाशकों एवं अन्य रसायनों के सीधे संपर्क में आने का जोखिम भी कम होगा। पहाड़ी, असमतल और दुर्गम क्षेत्रों में खेती करने वाले किसानों के लिए यह तकनीक विशेष रूप से लाभदायक साबित होगी। जिले में इन ड्रोन दीदियों की पहल ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक नई शुरुआत है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, जिला मिशन प्रबंधक श्री विजय शरण प्रसाद, डीपीएम श्री गयाप्रसाद चौरसिया, श्री भरत सिंह, श्री सुनील गुप्ता सहित जनप्रतिनिधिगण और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
