जामपाली से अकलतरा के लिए निकला 24 टन कोयला रास्ते में ही बेच दिया, बिहार के रोहतास में छिपे ट्रक चालक को घरघोड़ा पुलिस ने दबोचा, 10 लाख का वाहन जब्त
रायगढ़, 31 अक्टूबर* । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत घरघोड़ा पुलिस ने कोयला परिवहन के दौरान 24.620 मीट्रिक टन कोयले की हेराफेरी कर उसे अन्यत्र बेचने वाले आरोपी को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जप्त किया गया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाकर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 08.05.2026 को प्रार्थी विवेक पाण्डेय, निवासी बोईरदादर रायगढ़ ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि राज ट्रांसपोर्ट, ढिमरापुर रायगढ़ में कोयला परिवहन का कार्य किया जाता है। जनवरी 2026 में जामपाली कोयला खदान से आरसमेटा प्लांट अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा कोयला परिवहन के लिए डालाबाड़ी ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455 के चालक लल्लन प्रसाद से 700 रुपये प्रति टन की दर से कोयला परिवहन का सौदा तय हुआ। इसके बाद उसी शाम ट्रक में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर अकलतरा प्लांट के लिए रवाना किया गया था। अगले दिन तक वाहन गंतव्य तक नहीं पहुंचा। चालक से संपर्क करने पर पहले उसने फोन नहीं उठाया और करीब 10 दिन बाद फोन रिसीव कर कोयला अन्यत्र बेच देने की बात कही तथा जो करना है कर लेने की धमकी दी। इस प्रकार चालक ने करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के कोयले की धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत किए जाने की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 156/2026, धारा 318(4), 316(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों के कथन दर्ज कर आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर पतासाजी की। आरोपी के बिहार के रोहतास जिले स्थित गांव में होने की पुख्ता जानकारी मिलने पर एसएसपी के निर्देश पर एएसआई खेमराज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना की गई। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी ललन कुमार पासवान पिता स्व. केदार पासवान, उम्र 57 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पास अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास (बिहार) को हिरासत में लिया। आरोपी को माननीय अपर अनुमंडल मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, प्रथम श्रेणी विक्रमगंज, जिला रोहतास (बिहार) के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया और रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने हड़पे गए कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट बनाने वालों के पास बेचना स्वीकार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डालाबाड़ी ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है, जप्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन, एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के सतत सुपरविजन पर प्रकरण के खुलासे एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल, आरक्षक उधोराम पटेल, मनोज जोल्हे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
*एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*
*“आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराध कर कानून से बचने के लिए दूसरे राज्यों में छिपने वाले आरोपियों की भी रायगढ़ पुलिस लगातार पतासाजी कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करेगी।”*
