मूक-बधिर दिव्यांग महिला से दुष्कर्म के मामले में जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
जशपुरनगर, 29 अक्टूबर। जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता के भाई की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा पीड़िता का विधिवत मेडिकल परीक्षण भी कराया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना तुमला थाना क्षेत्रांतर्गत एक गांव की है। पीड़िता के 34 वर्षीय भाई ने 26 अक्टूबर 2026 को थाना तुमला पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 अक्टूबर की शाम लगभग 6:30 बजे वह शौच के लिए मैदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे झाड़ियों की तरफ से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह तत्काल उस दिशा में पहुंचा, जहां उसने अपनी 37 वर्षीय दिव्यांग बहन के साथ गांव के ही चंद्रहास कुमार (20 वर्ष) को खेत के पास दुष्कर्म करते हुए देखने की बात पुलिस को बताई।
प्रार्थी के अनुसार, उसे मौके पर आता देखकर आरोपी वहां अपने कपड़े, पर्स और मोबाइल फोन छोड़कर भाग गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के भाई की रिपोर्ट पर थाना तुमला पुलिस ने आरोपी चंद्रहास कुमार के विरुद्ध अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) एवं 64(2)(i) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा पीड़िता का विधिवत चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने और प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला पीएसआई जितेंद्र कुमार साहू, पीएसआई विमलेश्वरी मरकाम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक मुकेश भगत सहित थाना तुमला के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर और संवेदनशील है। तुमला थाना क्षेत्र में दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी है।
