लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वालों पर जशपुर पुलिस का शिकंजा, भिलाई से एक आरोपी गिरफ्तार पहुंचा जेल, दो फरार साथियों की तलाश तेज
ताजा खबरें


बड़ी खबर

लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वालों पर जशपुर पुलिस का शिकंजा, भिलाई से एक आरोपी गिरफ्तार पहुंचा जेल, दो फरार साथियों की तलाश तेज

जशपुर। लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने भिलाई से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पत्थलगांव क्षेत्र के एक व्यक्ति को 10 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया और सुरक्षा निधि के नाम पर उससे 1 लाख 93 हजार रुपये वसूल लिए। रकम लेने के बाद आरोपी और उसके साथी फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र के शांतिनगर, तिलडेगा निवासी गजानंद चौहान (36) को वर्ष 2025 में लोन की आवश्यकता थी। इसी दौरान भिलाई निवासी चंद्रमणि देवदास ने फोन कर खुद को सोमी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड का कर्मचारी बताया। उसने प्रार्थी को जानकारी दी कि उसके लोन की फाइल कंपनी में आई है और 10 लाख रुपये का लोन प्राप्त करने के लिए सुरक्षा निधि जमा करनी होगी।

लोन मिलने की उम्मीद में प्रार्थी ने आरोपी और उसके साथियों के झांसे में आकर सुरक्षा निधि के नाम पर कुल 1 लाख 93 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद न तो उसे लोन मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। ठगी का एहसास होने पर प्रार्थी ने 3 अगस्त 2026 को थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

बैंक खातों की जानकारी से मिली अहम कड़ी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी से संबंधित बैंक खाते की जानकारी जुटाई। घटना के बाद से आरोपी चंद्रमणि देवदास और उसके दो साथी फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुख्य आरोपियों में से एक चंद्रमणि देवदास के भिलाई में होने की सूचना मिली, जिसके बाद पत्थलगांव पुलिस की टीम भिलाई रवाना की गई। टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की वारदात में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि ठगी से प्राप्त रकम को अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों के माध्यम से हासिल कर घरेलू उपयोग में खर्च किया गया था। विवेचना में अपराध में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में संलिप्त अन्य दो आरोपियों की पहचान कर ली है। दोनों फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए लगातार पतासाजी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, प्रधान आरक्षक चंद्रविजय पैंकरा एवं आरक्षक देवसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image