कमतरा जूनियर कप के फाइनल में बरांगजोर का दबदबा, भुसड़ीटोली को 5-0 से दी करारी शिकस्त, एशियन गेम्स पदक विजेता अनिमेष कुजूर ने खिलाड़ियों को मेहनत और अनुशासन का दिया मंत्र, नशे से दूर रहने का किया आह्वान
नारायणपुर (जशपुर)। कमतरा ग्राम पंचायत में आयोजित कमतरा जूनियर कप फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार, 25 अक्टूबर को उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में बरांगजोर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भुसड़ीटोली को 5-0 से करारी शिकस्त दी और प्रतियोगिता की चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में जिले की 32 जूनियर टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण अंचल के युवाओं को खेलों से जोड़ने, नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन कमतरा ग्राम पंचायत के युवा सरपंच एवं जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अभिषेक कुजूर तथा बीडीसी अभिनंदन खलखो के नेतृत्व में युवा समिति कमतरा द्वारा किया गया। फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता बरांगजोर की टीम को अनिमेष कुजूर के हाथों 10 हजार रुपये तथा उपविजेता भुसड़ीटोली की टीम को 5 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं, कुमार स्टोर्स के सौजन्य से दोनों टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
एशियन गेम्स पदक विजेता अनिमेष कुजूर का भव्य स्वागत
फाइनल मुकाबले और समापन समारोह में जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार (आईएएस), ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशीला साय तथा जनपद पंचायत कुनकुरी के सीईओ प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ी अनिमेष कुजूर रहे। कमतरा पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनकी उपस्थिति से युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नशे से दूर रहने और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। वहीं, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने युवाओं को निरंतर मेहनत करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशीला साय ने खेलों को बढ़ावा देने तथा युवाओं के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। एशियन गेम्स पदक विजेता अनिमेष कुजूर ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले शिक्षक महेश तिर्की सम्मानित
समारोह के दौरान खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले शिक्षक एवं राष्ट्रीय स्तर के धावक महेश तिर्की को भी सम्मानित किया गया। आयोजन समिति एवं जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अभिषेक कुजूर ने शासकीय प्राथमिक शाला डीपाटोली में पदस्थ शिक्षक महेश तिर्की को शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
महेश तिर्की ने हाल ही में तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित पांचवीं राष्ट्रीय स्पोर्ट्स एवं गेम्स प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए 4×400 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक और 1500 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से जशपुर जिले, कुनकुरी क्षेत्र और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है। महेश तिर्की ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और विद्यालय के संस्था प्रमुख लवकुमार गुप्ता को दिया। डीपाटोली के प्रधान पाठक ने अनिमेष कुजूर और महेश तिर्की को बधाई देते हुए दोनों को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
युवा समिति के प्रयासों से सफल हुआ आयोजन
कमतरा जूनियर कप फुटबॉल प्रतियोगिता को सफल बनाने में युवा सरपंच अभिषेक कुजूर, बीडीसी अभिनंदन खलखो (बेमताटोली), उपसरपंच आलोक टोप्पो तथा युवा समिति कमतरा के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में मुकेश कुजूर, सुनील पन्ना, अनुरंजन कुजूर, सुदीप टोप्पो, निशांत, आर्यन मिंज, मोहित कुजूर, शरीफ खान, प्रीतम मिंज, साहिल, दीपक और एंजिल सहित समिति के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता ने ग्रामीण क्षेत्र की जूनियर फुटबॉल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर दिया। खेल के मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह और अतिथियों के प्रेरक संदेशों के बीच संपन्न हुआ यह आयोजन युवाओं को खेल, अनुशासन और नशामुक्त जीवन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला साबित हुआ।
