जमीन के लिए खूनी संघर्ष! रात में फूफा के घर पहुंचा संतोष, विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या का आरोप, आंगन में मिला शव; तपकरा पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
जशपुर, 26 अक्टूबर। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम जामबहार में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद खूनी वारदात में बदल गया। यहां एक व्यक्ति ने अपने रिश्ते के भतीजे पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मामले में तपकरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनबोध मांझी (60 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक संतोष प्रधान (30 वर्ष), निवासी जामबहार चिटकाटोली, का अपने फूफा मनबोध मांझी के साथ जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच इस बात को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी। 24 अक्टूबर की शाम संतोष बाजार से घर लौटा था। इसके बाद वह अपने दादा के पास बातचीत के दौरान फूफा मनबोध के घर जाने और उससे बात करने की बात कहकर रात करीब आठ बजे घर से निकल गया।
इधर, कुछ देर बाद संतोष की पत्नी सुमित्रा प्रधान को मनबोध के घर की ओर से लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह तत्काल वहां पहुंची। वहां घर के आंगन में उसका पति संतोष मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने के गंभीर निशान थे। घटनास्थल पर खून फैला हुआ था, जबकि आरोपी मनबोध पास में कुल्हाड़ी रखकर बैठा था। इसके बाद मृतक की पत्नी ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
जमीन विवाद में गुस्से में आकर किया हमला
मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर तपकरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद संदेह के आधार पर आरोपी मनबोध मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब 20 वर्षों से अपने ससुराल ग्राम जामबहार में घर जमाई के रूप में रह रहा था। जमीन के बंटवारे को लेकर संतोष प्रधान के साथ उसका अक्सर विवाद होता था। घटना वाली रात भी संतोष उसके घर पहुंचा और जमीन के मुद्दे पर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से संतोष के सिर और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में तपकरा थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, रिझन भगत, आरक्षक महेंद्र पैंकरा, पुनीत साय, अरविंद साय तथा नगर सैनिक रवि गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।
