जंगल के भीतर चल रहा था जुए का खेल, अचानक पहुंच गई पुलिस की टीम… फिर जो हुआ, 6 जुआरी रंगे हाथ धराए!
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जंगल के भीतर चल रहा था जुए का खेल, अचानक पहुंच गई पुलिस की टीम… फिर जो हुआ, 6 जुआरी रंगे हाथ धराए!

रायगढ़, 26 अक्टूबर। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस ने धरमजयगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। दर्रीडीह-खलबोरा के बीच जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। आरोपियों के पास से ₹22,180 नकद, 7 मोबाइल फोन और 4 मोटरसाइकिल सहित कुल ₹3,22,180 की संपत्ति जब्त की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में थाना साइबर, पुलिस लाइन रायगढ़ और थाना धरमजयगढ़ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को दर्रीडीह-खलबोरा के बीच जंगल में 52 पत्ती ताश से जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान छह लोग जुआ खेलते पाए गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अमित केरकेट्टा (30 वर्ष), निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़, स्वरूप टोप्पो (22 वर्ष), निवासी कांसाबेल, जोगेंद्र एक्का (40 वर्ष) और वृंदावन गुप्ता (35 वर्ष), दोनों निवासी दर्रीडीह, सुरेश सारथी (36 वर्ष), निवासी शाहपुर तथा नारायण बाईन (50 वर्ष), निवासी बेहरापारा शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से ₹22,180 नकद, 7 मोबाइल फोन तथा चार मोटरसाइकिल जब्त कीं। इनमें तीन मोटरसाइकिल के नंबर CG 13 BC 4286, CG 13 AM 3427 और CG 13 AR 5149 हैं, जबकि एक डिस्कवर मोटरसाइकिल बिना नंबर की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹3,22,180 बताई गई है।

मामले में थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 337/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, श्याम देव साहू, साइबर थाना एवं पुलिस लाइन की विशेष टीम और धरमजयगढ़ थाना के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने और किसी भी अनैतिक गतिविधि की सूचना देने की अपील की।

Leave Your Comment

Click to reload image