सनातन संस्कृति और परंपरा के रंग में रंगा अक्स गरबा महोत्सव, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत पर किया गरबा, दिखा धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक
ताजा खबरें


बड़ी खबर

सनातन संस्कृति और परंपरा के रंग में रंगा अक्स गरबा महोत्सव, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत पर किया गरबा, दिखा धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक

जशपुरनगर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर शुक्रवार को षष्ठी तिथि के दिन जशपुरनगर के श्रीहरि कीर्तन भवन परिसर में अक्स गरबा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। मां दुर्गा की आराधना और भक्ति के रंग में रंगे इस आयोजन में शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने भक्ति संगीत की धुन पर गरबा नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उत्साह और उमंग से सराबोर प्रतिभागियों के साथ दर्शक भी संगीत की लय पर झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय, जिला पंचायत जशपुर के उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, सत्येंद्र सिंह, सुनील सोनी एवं चिटू गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां दुर्गा की आराधना के इस आयोजन की सराहना करते हुए नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कृष्ण कुमार राय ने कहा कि गरबा महोत्सव सनातन धर्म की सदियों पुरानी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिस उत्साह के साथ युवा पीढ़ी इस आयोजन में भाग ले रही है, वह सनातन संस्कृति और परंपराओं के भविष्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ धार्मिक आस्था को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने गरबा महोत्सव के सफल आयोजन में जुटे आयोजकों और स्वयंसेवकों की मेहनत की भी प्रशंसा की।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि गरबा केवल एक नृत्य नहीं, बल्कि मां दुर्गा की आराधना और भक्ति का माध्यम है। इसकी विशेषता यह है कि इसमें दो से तीन पीढ़ियों के लोग एक साथ शामिल होकर ताल से ताल मिलाते हैं और माता रानी की भक्ति में लीन होकर नृत्य करते हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी जुड़ाव, सांस्कृतिक एकता और धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।

वहीं, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने उपस्थित श्रद्धालुओं को नवरात्र और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

भक्ति गीतों पर झूमे प्रतिभागी और दर्शक

अक्स गरबा महोत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध गायिका अर्चना गोस्वामी और गायक शिवम भास्कर की संगीतमय प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। दोनों कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा भक्तिमय माहौल बनाया कि गरबा करने पहुंचे प्रतिभागी देर तक थिरकते रहे। अर्चना गोस्वामी के गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे, वहीं शिवम भास्कर की प्रस्तुति ने भी लोगों को गरबा नृत्य करने के लिए उत्साहित किया। भक्ति संगीत, पारंपरिक परिधानों और मां दुर्गा की आराधना के बीच पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा रहा। अक्स गरबा महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही जशपुरनगर में नवरात्र की रौनक और धार्मिक उल्लास देखने को मिला।

Leave Your Comment

Click to reload image