प्राथमिक शाला पटिया के भाषा मेले में बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा का अनूठा संगम, यूथ क्लब की युवतियों ने प्रेमचंद की ‘पंच परमेश्वर’ कहानी का किया प्रभावशाली मंचन
मनोरा
जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड के संकुल केंद्र ओरकेला के प्राथमिक शाला पटिया में भाषा मेला का आयोजन हुआ। मेले का आरंभ सामूहिक बालगीत से हुआ। इसके उपरांत विद्यालय के सभी बच्चों ने बारी-बारी से कहानी-कविता सुनाया। भाषा मेला में पहेली बूझो, कहानी आगे बढ़ाओ, तुकांत शब्द बनाओ, वाक्य निर्माण करो, शब्दों से कहानी-कविता बनाओ, पेंटिंग बनाओ, अभिनय/रोल प्ले आदि की गतिविधि के लिए दस से अधिक स्टॉल बनाए गए थे। जिसमें बच्चों ने पूरे उमंग के साथ उक्त सभी गतिविधियों में शिरकत की और आनंदमयी तरीके से भाषा की विभिन्न विधाओं को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में 120 से अधिक बच्चों एवं 10 शिक्षक-शिक्षिकाओं व इतने ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं की सहभागिता हुई।
प्राथमिक शाला पटिया के कक्षा चौथी के बच्चों ने ‘आसमान गिरा’ पाठ की कहानी का नाट्यमंचन भी किया। वहीं प्राथमिक शाला रुकरूमा के बच्चों ने अंग्रेजी के कक्षा पाँचवीं के पाठ “सत्तू गोज टू शॉपिंग” का अंग्रेजी में नाट्य मंचन किया, जिसे समुदाय के सदस्यों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने काफी सराहा।
कार्यक्रम में कन्या आश्रम शाला की बालिकाओं ने स्वागत गीत की बेहतरीन प्रस्तुति दी।
यह पूरा कार्यक्रम ओरकेला संकुल समन्वयक कालेश्वर राम भगत एवं अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
पंच परमेश्वर कहानी का नाट्यमंचन:
‘यूथ क्लब पटिया’ की युवतियों ने महान साहित्यकार प्रेमचंद की सुप्रसिद्ध कहानी ‘पंच परमेश्वर’ का नाट्यमंचन किया। जिसकी समुदाय के लोगों ने काफी सराहना की। नाट्यमंचन करने वाली युवतियों में शालिनी बाई, शोभा लकड़ा, अराधना बाई, अर्चना बाई, अनुरूपा कूजुर, रूपा एक्का, कोमल लकड़ा, बबीता बाई, अल्पना देवी, देवेश प्रधान ने अहम किरदार अदा किए। इस नाट्यमंचन की खास बात यह रही कि पंच परमेश्वर के सभी किरदारों को युवतियों ने ही निभाया।
मेले में पटिया पंचायत की सरपंच कौशल्या बाई, गाँव के ही सेवानिवृत्त शिक्षक बेनेडिक्ट लकड़ा, जागृति स्व-सहायता समूह एवं सखी-सहेली स्व-सहायता समूह की महिलाओं सहित बड़ी तादाद में ग्रामीण उपस्थित हुए। साथ ही पटिया पंचायत की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी इसमें शिरकत की। इन सभी ने बच्चों को खुद भी कविता-कहानी एवं गीत सुनाया।
कार्यक्रम में प्राथमिक शाला रुकरूमा के शिक्षक देवेश प्रधान, पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक बालेश्वर राम, शिक्षकगण- मुकेश सिंह, मूलो बाई, शासकीय कन्या आश्रम शाला पटिया की प्रधान पाठिका अल्पना लकड़ा, लिली टोप्पो, प्राथमिक शाला कुबड़ीबथान के प्रधान पाठक महेंद्र राम, प्राथमिक शाला अंगराकोना के प्रधान पाठक राम प्रसाद राम, अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के मुकेश कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित हुए।
कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शाला पटिया के शिक्षक बरजेश राम एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रभारी प्रधान पाठक अल्पना देवी ने किया।
