कलेक्टर रोहित व्यास ने दुलदुला में सड़क, पुल-पुलिया और मिनी स्टेडियम निर्माण का किया निरीक्षण, अनुपयोगी पुल पर जताई नाराजगी, 10 दिन में जांच रिपोर्ट और लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
*जशपुरनगर 15 अक्टूबर 2026:-* कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने विकासखंड दुलदुला के विभिन्न ग्रामों में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की उपयोगिता, गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनुपयोगी एवं अपूर्ण निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लापरवाही के मामलों में जांच तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री व्यास ने ग्राम आँवरापानी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत केंद खमन पहुंच मार्ग पर निर्मित आरसीसी पुलिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुल की उपयोगिता को लेकर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य से अपेक्षित उपयोगिता सुनिश्चित नहीं हो रही है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को पुल निर्माण की आवश्यकता, उपयोगिता एवं कार्य की स्थिति की जांच कर 10 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात ग्राम पंचायत कस्तूरा में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत निर्माणाधीन कस्तूरा से सरायटोली मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कस्तूरा में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम के कार्य का भी निरीक्षण किया। मैदान की लंबाई-चौड़ाई और उपलब्ध स्थान को निर्धारित उपयोग के अनुरूप पर्याप्त नहीं पाए जाने पर उन्होंने कार्य को निरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय उपयोगिता, आवश्यक आकार और निर्धारित मानकों का ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि शासकीय राशि का सदुपयोग हो सके।
कलेक्टर श्री व्यास ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क, पुल-पुलिया एवं अन्य अधोसंरचना निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी निर्माण कार्य को स्वीकृत करने और पूर्ण कराने से पहले उसकी वास्तविक आवश्यकता, उपयोगिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जहां अनियमितता या लापरवाही सामने आए, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
