ढाबे के पीछे चल रहा था ताश पर रुपयों का दांव, पुलिस की घेराबंदी में फंसे 9 जुआरी, हजारों की रकम बरामद
ताजा खबरें


बड़ी खबर

ढाबे के पीछे चल रहा था ताश पर रुपयों का दांव, पुलिस की घेराबंदी में फंसे 9 जुआरी, हजारों की रकम बरामद

जशपुर। जशपुर जिले में जुआ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापारा में पुलिस ने जुआ खेल रहे 9 लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मौके से जुआ फड़ की 63 हजार 470 रुपये नगद राशि और ताश की 52 पत्तियों की एक गड्डी जब्त की है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ पत्थलगांव थाने में जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मुड़ापारा में एक ढाबे के पीछे कुछ लोग ताश की पत्तियों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और टीम के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे 9 लोगों को पकड़ लिया।

पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ से 63 हजार 470 रुपये नगद और ताश की 52 पत्तियों की गड्डी जब्त की। इसके बाद सभी आरोपियों को थाना लाकर उनके विरुद्ध धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

पकड़े गए जुआरियों के नाम

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में मुकेश यादव (45 वर्ष), निवासी मुड़ापारा; शरद बेहरा (38 वर्ष), धनुमणि यादव (39 वर्ष), दीपक बेहरा (34 वर्ष), हरि जायसवाल (36 वर्ष) और मनोज अम्बस्त (45 वर्ष), निवासी पाकरगांव; मधुसूदन यादव (38 वर्ष), निवासी करंगाबहाल; मोहम्मद फुल हसन (24 वर्ष), निवासी मुड़ापारा तथा घनश्याम यादव (32 वर्ष), निवासी कछार शामिल हैं। सभी पत्थलगांव थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, उप निरीक्षक विदवा राम यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जय प्रकाश कोराम, प्रधान आरक्षक त्रिनाथ यादव, अशोक नाग और आरक्षक आलोक मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जुआ के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी : एसएसपी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा जुआ के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पत्थलगांव क्षेत्र में जुआ खेलते हुए 9 लोगों को पकड़ा गया है तथा उनके कब्जे से 63 हजार 470 रुपये नगद और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में जुआ जैसी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image