चार दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई से तस्करों में मचा हड़कंप, कोतबा पुलिस ने उड़ीसा से लाई गई 72 किलो गांजे की खेप पकड़ी, कार-मोबाइल समेत 41 लाख की संपत्ति जब्त
ताजा खबरें


बड़ी खबर

चार दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई से तस्करों में मचा हड़कंप, कोतबा पुलिस ने उड़ीसा से लाई गई 72 किलो गांजे की खेप पकड़ी, कार-मोबाइल समेत 41 लाख की संपत्ति जब्त

जशपुरनगर, 5 अक्टूबर 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार असर दिखा रहा है। चार दिनों के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतबा पुलिस ने उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर जशपुर पहुंचे एक आरोपी को जामझोर के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 72 किलो 340 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई गई है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल मारुति स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन सहित कुल करीब 41 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोहित यादव (35 वर्ष), निवासी ग्राम जामझोर, दर्रा पारा, चौकी कोतबा, जिला जशपुर है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति उड़ीसा की ओर से मारुति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जशपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कोतबा पुलिस ने संभावित मार्ग पर निगरानी और घेराबंदी शुरू कर दी। जामझोर के पास संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें दो बोरियां मिलीं। बोरियों में प्लास्टिक टेप से चिपकाकर रखे गए 70 पैकेट बरामद हुए। जांच और तौल के बाद इनमें कुल 72 किलो 340 ग्राम गांजा पाया गया।

पुलिस ने गांजा के साथ मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक OD-23-E-8034, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है, तथा करीब 20 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ चौकी कोतबा, थाना बागबहार में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी गांजा तस्करी में पकड़ा जा चुका है आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित यादव पहले भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है। चौकी कोतबा में उसके खिलाफ पूर्व में दो मामलों में कार्रवाई हो चुकी है, जिनमें क्रमशः 20.570 किलो और 13.430 किलो गांजा बरामद किया गया था। इसके अलावा अंबिकापुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में भी उसके खिलाफ दो प्रकरणों में कार्रवाई हुई थी, जिनमें 23.630 किलो और 82 किलो गांजा बरामद किया गया था।

लगातार मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्तता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी द्वारा नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच की थी। जांच के बाद सफेमा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसकी कार और बाइक सहित 40 लाख रुपये से अधिक कीमत की संपत्ति पूर्व में फ्रीज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद आरोपी द्वारा दोबारा गांजा तस्करी में सक्रिय होने पर पुलिस ने उसे बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया।

चार दिनों में 1 टन से ज्यादा गांजा जब्त

ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई में महज चार दिनों में 1 टन 145 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 72 लाख रुपये बताई गई है। इस दौरान गांजा तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। पुलिस के अनुसार इन कार्रवाइयों में गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों सहित कुल करीब 6 करोड़ 22 लाख रुपये की जब्ती की जा चुकी है।

जशपुर जिला उड़ीसा और झारखंड की सीमाओं से जुड़ा होने के कारण पुलिस द्वारा सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ न केवल एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में जारी है ऑपरेशन आघात

आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के दिशा-निर्देश तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस द्वारा संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक छविकांत पैंकरा, अजय खेस तथा आरक्षक पुस्तम यादव, दिलीप नाग एवं प्रवीण खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही इस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image