गोरिया में सूखे आम पेड़ की छटनी के दौरान करंट प्रवाहित तारों पर गिरी विशाल शाखा, बिजली के कई पोल टूटकर सड़क पर गिरे, साप्ताहिक बाजार के दिन टली बड़ी अनहोनी
नारायणपुर। ग्राम पंचायत गोरिया में गुरुवार को पंचयात परिसर स्थित एक विशाल सूखे आम के पेड़ की बड़ी शाखाओं की कटाई के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पेड़ की एक भारी शाखा काटते समय अनियंत्रित होकर बिजली पोल एवं ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों पर जा गिरी। शाखा के गिरते ही कई बिजली के पोल टूटकर सड़क पर जा गिरे और विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
गनीमत रही कि जिस समय विद्युत पोल और तार सड़क पर गिरे, उस समय वहां कोई राहगीर या वाहन चालक मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना के बाद पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि गोरिया में पंचयात परिसर किनारे स्थित आम का पेड़ काफी समय से सूखा हुआ था। उसकी बड़ी-बड़ी शाखाएं कभी भी टूटकर सड़क पर गिर सकती थीं। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर पेड़ की बड़ी शाखाओं की कटाई कराने का निर्णय लिया गया था। गुरुवार को इसी के तहत सरपंच के द्वारा कटाई का काम शुरू किया गया था, लेकिन शाखा काटते समय वह सीधे विद्युत लाइन पर जा गिरी।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि गुरुवार को गोरिया में साप्ताहिक बाजार का दिन भी था। बाजार के कारण सड़क पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यदि विद्युत पोल और तार गिरने के समय कोई व्यक्ति वहां मौजूद होता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। ग्रामीणों ने इसे बड़ी लापरवाही बताते हुए कहा कि विद्युत लाइन के आसपास पेड़ की कटाई से पहले बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद करानी चाहिए थी।
घटना के बाद सरपंच के द्वारा बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी गई। पोल और तार टूटने के कारण विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई है। अब क्षतिग्रस्त पोल हटाकर नए पोल लगाने और तारों को व्यवस्थित करने का काम किया विभाग के द्वारा किया जाएगा । ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
सरपंच ने बताया कि पेड़ गिरने की आशंका को देखते हुए कटाई कराई जा रही थी। उनके अनुसार पेड़ की बड़ी शाखा काटते समय अचानक विद्युत पोल और तारों पर जा गिरी, जिससे पोल टूट गए। घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दे दी गई थी।
हालांकि इस घटना के बाद यह सवाल जरूर उठ रहा है कि जब पेड़ के आसपास से विद्युत लाइन गुजर रही थी, तो कटाई शुरू करने से पहले बिजली विभाग से समन्वय कर विद्युत आपूर्ति बंद क्यों नहीं कराई गई। थोड़ी सी सावधानी से विद्युत पोल और तारों को हुए नुकसान के साथ संभावित जनहानि के खतरे को भी टाला जा सकता था। फिलहाल ग्रामीणों की नजर बिजली व्यवस्था बहाल होने पर बनी हुई है।
पेड़ गिरने की आशंका को देखते हुए पंचयात प्रस्ताव कर कटाई कराई जा रही थी। उनके अनुसार पेड़ की बड़ी शाखा काटते समय अचानक विद्युत पोल और तारों पर जा गिरी, जिससे पोल टूट गए। घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दे दी गई थी।
सरपंच- ग्राम पंचायत गोरिय
