तकनीक से मजबूत होगी पुलिस विवेचना, जशपुर में पांच दिवसीय ई-साक्ष्य प्रशिक्षण संपन्न, डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने 950 से अधिक पुलिसकर्मियों से किया सीधा संवाद
ताजा खबरें


बड़ी खबर

तकनीक से मजबूत होगी पुलिस विवेचना, जशपुर में पांच दिवसीय ई-साक्ष्य प्रशिक्षण संपन्न, डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने 950 से अधिक पुलिसकर्मियों से किया सीधा संवाद

जशपुर। पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों के बढ़ते उपयोग के बीच जशपुर पुलिस द्वारा ई-साक्ष्य एप के संचालन एवं डिजिटल साक्ष्य संकलन को लेकर आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला का समापन हो गया। जिला पंचायत जशपुर के सभागार में 15 से 19 सितंबर तक आयोजित कार्यशाला में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संकलन, सुरक्षित रिकॉर्डिंग तथा विवेचना के दौरान उनके प्रभावी उपयोग की प्रक्रिया से पुलिसकर्मियों को अवगत कराया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस विवेचना को अधिक साक्ष्य आधारित, पारदर्शी और प्रभावी बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और विवेचकों को ई-साक्ष्य एप के संचालन की जानकारी देते हुए घटनास्थल एवं विवेचना से संबंधित फोटो, वीडियो तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संकलित एवं सुरक्षित रखने की जानकारी दी गई। पुलिसिंग में तकनीक की बढ़ती भूमिका को देखते हुए डिजिटल साक्ष्यों के व्यवस्थित संकलन और रिकॉर्डिंग को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया गया।

ई-साक्ष्य एप के माध्यम से विवेचना के दौरान प्राप्त होने वाले डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखा जा सकता है और आवश्यकता के अनुसार विवेचना में उनका उपयोग किया जा सकता है। अपराध की बदलती प्रकृति और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच पुलिस के लिए तकनीकी रूप से दक्ष होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से कार्यशाला में पुलिसकर्मियों को डिजिटल साक्ष्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के बाद प्रत्येक दिन डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रशिक्षण में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान जिले के 950 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों से संवाद कर पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली चुनौतियों के अनुरूप लगातार अपडेट रहने तथा आधुनिक पुलिसिंग के लिए उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।

डॉ. लाल उमेद सिंह ने नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य और अन्य डिजिटल कार्यवाहियों में दक्षता हासिल करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध की बदलती प्रकृति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का तकनीकी रूप से दक्ष एवं अपडेट रहना आवश्यक है। डिजिटल साक्ष्यों के संकलन और उपयोग में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए तकनीक का उपयोग पुलिस विवेचना को और मजबूत बनाने के लिए किया जाना चाहिए।

पुलिस कप्तान ने साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए थाना एवं चौकी स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ आम नागरिकों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देने पर जोर दिया।

इसके साथ ही जिले में हेलमेट जागरूकता अभियान को लगातार प्रभावी रूप से संचालित करने तथा पुलिस मितान के माध्यम से कम्यूनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण, यातायात जागरूकता और जनसुरक्षा के लिए निरंतर काम करने पर जोर दिया गया।

कार्यशाला के दौरान पुलिसकर्मियों को स्वयं नशापान से दूर रहने तथा समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता लाने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आम नागरिकों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच नशामुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने तथा नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देने के लिए निरंतर प्रयास करने कहा गया।

पांच दिवसीय कार्यशाला में तकनीकी प्रशिक्षण के साथ पुलिसिंग से जुड़े जनजागरूकता और सामुदायिक सरोकारों पर भी चर्चा हुई। ई-साक्ष्य, सीसीटीएनएस और नवीन कानूनों के प्रभावी उपयोग के साथ साइबर जागरूकता, यातायात सुरक्षा, पुलिस मितान और नशामुक्ति जैसे विषयों को लेकर पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image