ओवरब्रिज के नीचे प्लांटकर्मी को घेरकर मारपीट और ब्लेड से हमला कर लूटे 1500 रुपये, सीसीटीवी फुटेज और हुलिए के आधार पर कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में पकड़े तीन आरोपी
रायगढ़। शहर के ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने प्लांटकर्मी से मारपीट कर 1500 रुपये लूटने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम 1500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक घटना के 24 घंटे के भीतर सीसीटीवी फुटेज और प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों में शनि वैष्णव भी शामिल है, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड बताया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना 17 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। ग्राम नवारा, थाना नौहट्टा, जिला रोहतास बिहार निवासी 29 वर्षीय बबलू चौहान वर्तमान में मां मंगला फैक्टरी लेबर कॉलोनी नटवरपुर में रहता है। वह अपने गांव जाने के लिए ट्रेन की जानकारी लेने रायगढ़ रेलवे स्टेशन आया था। रात करीब 8 बजे स्टेशन पहुंचने के बाद उसने खाना खाया और इसके बाद ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने सड़क पर मौजूद था।
इसी दौरान तीन अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और अनावश्यक रूप से विवाद करते हुए पैसों की मांग करने लगे। आरोप है कि तीनों ने बबलू चौहान के साथ मारपीट की। इसी दौरान एक नाबालिग ने ब्लेड से उसे चोट पहुंचाई और उसकी फुलपैंट की जेब में रखे 1500 रुपये निकाल लिए। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्रार्थी से आरोपियों के हुलिए की जानकारी ली। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस को तीन संदेहियों के संबंध में सुराग मिला। जांच में शनि वैष्णव के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों के घटना में शामिल होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर शनि वैष्णव के कब्जे से 1000 रुपये नकद, एक विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से 500 रुपये नकद तथा दूसरे बालक के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया ब्लेड बरामद किया गया।
इस तरह पुलिस ने लूट की पूरी रकम बरामद कर ली। मामले में आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का तथा हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचने और लूट की रकम बरामद करने में सफलता मिली।
