फरसाबहार में शिक्षा विभाग पर बड़ी कार्रवाई: जांच में शिक्षकों की शिकायतें सही मिलने पर बीआरसीसी निलंबित, एबीईओ जिला शिक्षा कार्यालय में अटैच; बीईओ को हटाकर प्राचार्य को मिला अतिरिक्त प्रभार
कलेक्टर रोहित व्यास के तीन अलग-अलग आदेशों से शिक्षा विभाग में हड़कंप, कथित आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर हुई कार्रवाई
जशपुर, 9 सितंबर 2026।
फरसाबहार विकासखंड के शिक्षा विभाग में कथित आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग एवं भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों की जांच के बाद कलेक्टर रोहित व्यास ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। 8 सितंबर को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में शिकायतों के प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद 9 सितंबर को जारी अलग-अलग आदेशों के माध्यम से विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसीसी) देवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रविन्द्रनाथ साय को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय जशपुर में संलग्न किया गया है।
बीआरसीसी देवेंद्र सिंह निलंबित
कलेक्टर के आदेश के अनुसार विकासखंड फरसाबहार में प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वयक के पद पर कार्यरत देवेंद्र सिंह (मूल पद उच्च वर्ग शिक्षक) के खिलाफ प्राप्त शिकायतों की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा विभागीय जांच नियम 1966 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पथलगांव कार्यालय निर्धारित किया गया है और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
प्रभारी एबीईओ रविन्द्रनाथ साय जिला शिक्षा कार्यालय में अटैच
दूसरे आदेश में रविन्द्रनाथ साय, मूल पद प्रधान पाठक एवं प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी फरसाबहार को कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर में संलग्न किया गया है। यह कार्रवाई भी 8 सितंबर को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
बीईओ दुर्गेश देवांगन भी हटे, प्राचार्य को मिला अतिरिक्त प्रभार
तीसरे आदेश में विकासखंड शिक्षा अधिकारी फरसाबहार दुर्गेश देवांगन को कार्यालय जिला पंचायत जशपुर में संलग्न किया गया है। वहीं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तपकरा के प्रभारी प्राचार्य सी.आर. भगत को आगामी आदेश तक फरसाबहार विकासखंड शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि दुर्गेश देवांगन को प्रभार सौंपने के बाद तीन दिवस के भीतर पालन प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
एक साथ तीन कार्रवाई से शिक्षा महकमे में मचा हड़कंप
फरसाबहार शिक्षा विभाग में एक साथ बीआरसीसी पर निलंबन, प्रभारी एबीईओ की जिला शिक्षा कार्यालय में संलग्नता और बीईओ को जिला पंचायत में अटैच किए जाने की कार्रवाई ने विभाग में हलचल बढ़ा दी है। कलेक्टर कार्यालय से जारी तीनों आदेशों में कार्रवाई का आधार जिला पंचायत जशपुर द्वारा प्रस्तुत 8 सितंबर 2026 का जांच प्रतिवेदन बताया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब फरसाबहार के शिक्षा विभाग में जिम्मेदारियों का नया समीकरण बन गया है और तपकरा के प्रभारी प्राचार्य सी.आर. भगत को बीईओ का अतिरिक्त प्रभार मिलने से विभागीय कामकाज आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है।
