श्री राधा-कृष्ण मंदिर जशपुर में जन्माष्टमी की भव्य तैयारी पूरी, सुबह श्रृंगार आरती से शुरू होगा उत्सव और आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ होगा झूला उत्सव; भजन-कीर्तन से देर रात तक भक्तिमय रहेगा माहौल
जशपुरनगर :- शहर के श्री राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से भव्य रूप दिया गया है। दिनभर पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन और आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव एवं झूला उत्सव का आयोजन होगा।
मंदिर समिति के प्रमोद मिश्रा ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति के सभी सदस्य पिछले कई दिनों से मंदिर की साफ-सफाई, सजावट और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था में जुटे हुए हैं। पूरे मंदिर परिसर को भव्य और मनमोहक स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण का अनुभव हो सके।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5 बजे भगवान की श्रृंगार आरती से होगी। दोपहर 12 बजे भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। शाम 7 बजे संध्या आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण होगा। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय भजन मंडलियां श्रीकृष्ण भक्ति की प्रस्तुतियां देंगी।
रात्रि 11 बजे से गर्भगृह में विशेष पूजन प्रारंभ होगा और ठीक रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव एवं झूला उत्सव मनाया जाएगा। जन्म के शुभ क्षण पर मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष, घंटा-घड़ियाल और शंखनाद से गूंज उठेगा।
मंदिर समिति ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी के दिन सुबह 5 बजे से रात्रि 1 बजे तक मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजन के लिए खुला रहेगा। समिति ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
