राशन दुकान में अनियमितता की शिकायत पर खाद्य निरीक्षक ने की जांच, 627 हितग्राहियों को अब तक बांटा गया खाद्यान्न
जशपुरनगर, 25 अगस्त 2026/ जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोकियाखार स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में एक माह का चावल रोकने तथा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शक्कर विक्रय किए जाने की शिकायत पर के खाद्य विभाग द्वारा जांच की गई। खाद्य निरीक्षक, पत्थलगांव द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण एवं जांच कर संचालन में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पत्थलगांव को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है। प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम पंचायत कोकियाखार में कुल 787 राशनकार्डधारी हितग्राही हैं, जिनमें से आज दिनांक तक 627 राशनकार्डधारियों को खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है। दुकान संचालक द्वारा बताया गया कि माह जुलाई एवं अगस्त 2026 का खाद्यान्न हितग्राहियों को वितरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
