गांव में गौवंश की हत्या से मचा हड़कंप, शिकायत पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस, जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेजा
जशपुर। पंडरा पाठ चौकी क्षेत्र के ग्राम सोनगेरसा में गौवंश की हत्या कर उसका मांस काटने की तैयारी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से मृत गौवंश के साथ घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे और छुरी भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सोनगेरसा निवासी 35 वर्षीय सुनीता यादव ने 23 अगस्त को पंडरा पाठ चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 22 अगस्त को गांव का ही विफा राम एक गौवंश पर लकड़ी के डंडे से हमला कर रहा था। गौवंश के जोर-जोर से आवाज करने पर महिला को घटना पर संदेह हुआ और उसने अपने पति धनुकधारी यादव को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद जब महिला के पति मौके पर पहुंचे तो वहां एक गौवंश मृत अवस्था में मिला। पुलिस के मुताबिक, मौके पर आरोपी मृत गौवंश की खाल निकाल रहे थे। उन्हें ऐसा करने से मना करने पर दोनों आरोपी वहां से भाग गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंडरा पाठ पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृत गौवंश का पंचनामा तैयार किया और उसे अपने कब्जे में लिया। इसके बाद घटना से जुड़े दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस ने मामले में विफा राम (55), निवासी ग्राम सोनगेरसा और उगीत रवि (56), निवासी ग्राम गायबूडा, दोनों चौकी पंडरा पाठ क्षेत्र, को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के खिलाफ चौकी पंडरा पाठ में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा बीएनएस की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा और छुरी भी जब्त की है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार न्यायालय के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, प्रधान आरक्षक आदित्य कुमार साय, आरक्षक बिलचुस लकड़ा और राम प्रसाद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
