कैलाश गुफा जाने वाले मार्ग पर बड़ा खतरा! राटवन के पास करीब आधा किलोमीटर सड़क धंसी, सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
जशपुर 23 अगस्त 2026
जशपुर जिले के प्रसिद्ध कैलाश गुफा क्षेत्र में बारिश के बीच सड़क धंसने का मामला सामने आया है। कैलाश नाथेश्वर गुफा से करीब एक किलोमीटर पहले राटवन के पास लगभग आधा किलोमीटर तक सड़क प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि करीब दो वर्ष पहले बनी यह सड़क लगातार बारिश के कारण धंस गई है।
सड़क धंसने के बावजूद प्रभावित स्थल पर अब तक बैरिकेडिंग नहीं किए जाने से हादसे की आशंका बनी हुई है। खास बात यह है कि सोमवार को सनातन संत समाज के हजारों अनुयायियों के कैलाश गुफा पहुंचकर जल अर्पित करने की संभावना है। गहिरा, श्रीकोट, रामगढ़ और सारासोरो सहित चारों दिशाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
ऐसे में सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर चिंता बढ़ गई है। बड़ी संख्या में वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए प्रशासन से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग उठ रही है।जिला पंचायत सदस्य गेंदबिहारी सिंह ने प्रभावित स्थल का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर धंसी हुई सड़क पर वाहनों की आवाजाही तत्काल बंद करने और मौके पर प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की मांग की है।अब देखना होगा कि हजारों श्रद्धालुओं के कैलाश गुफा पहुंचने से पहले प्रशासन क्षतिग्रस्त सड़क पर बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और अन्य सुरक्षा उपायों को लेकर क्या कदम उठाता है।
