नारायणपुर में शान से लहराया तिरंगा, गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष—बादलखोल अभ्यारण्य, ग्राम पंचायत और स्कूलों में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस,राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच शहीदों को किया नमन
ताजा खबरें


बड़ी खबर

नारायणपुर में शान से लहराया तिरंगा, गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष—बादलखोल अभ्यारण्य, ग्राम पंचायत और स्कूलों में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस,राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच शहीदों को किया नमन

बादलखोल अभ्यारण्य के गेम रेंज कार्यालय नारायणपुर में उत्साह से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

नारायणपुर। बादलखोल अभ्यारण्य के गेम रेंज कार्यालय नारायणपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में वन अधीक्षक आशुतोष भगत एवं रेंजर सिद्धार्थ भारती ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण से पूर्व उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गीत का गायन किया। इसके पश्चात राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और सभी ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम के दौरान देश की आजादी में योगदान देने वाले महापुरुषों एवं वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनके छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया गया।

ध्वजारोहण के बाद कार्यालय में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर वन अधीक्षक आशुतोष भगत ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के लिए अपना दायित्व पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी स्टाफ को कर्तव्य की राह पर ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का आह्वान किया।

समारोह में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति की भावना और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।

ग्राम पंचायत नारायणपुर में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

ग्राम पंचायत नारायणपुर में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ मनाया गया। पंचायत भवन, स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान सरपंच श्रीमती मुक्तिलता प्रधान ने पंचयात भवन में एवं उपसरपंच नवरतन बंग द्वारा विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

इस अवसर पर सरपंच श्रीमती मुक्तिलता प्रधान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में प्रत्येक ग्रामीण की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।


स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर उपसरपंच श्री नवरतन बंग द्वारा मिडिल स्कूल नारायणपुर, माध्यमिक शाला पोखराटोली एवं पीडीएस भवन में ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने तथा गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

नारायणपुर के स्कूलों में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

नारायणपुर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत, भाषण, कविता पाठ एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया।

इसी कड़ी में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नारायणपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद शाला समिति के अध्यक्ष संतन राम ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई।

समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए संघर्ष और त्याग पर अपने विचार रखे। आजादी के नायकों के बलिदान को याद करते हुए देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक में जिम्मेदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना होना जरूरी है। विद्यार्थियों से देशहित में आगे बढ़ने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपना योगदान देने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने का संकल्प लिया।

Leave Your Comment

Click to reload image