बगीचा में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, कल्याण आश्रम चौक से तहसील चौक तक लहराया तिरंगा, विधायक रायमुनी भगत समेत जनप्रतिनिधियों और हजारों ग्रामीणों ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश
बगीचा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और तिरंगा यात्राओं की कड़ी में बुधवार को जशपुर जिले के बगीचा में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, युवा एवं महिला मोर्चा के कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। करीब 6 किलोमीटर लंबी इस तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा बगीचा नगर भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कल्याण आश्रम चौक से हुआ। यात्रा जनपद कार्यालय, थाना, बस स्टैंड होते हुए तहसील चौक पहुंची और इसके बाद पुनः कल्याण आश्रम चौक पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड क्रमांक-1 स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा तहसील चौक क्षेत्र में स्थित श्रद्धेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इसके बाद तिरंगा यात्रा ने नगर भ्रमण करते हुए लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति एकजुटता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में बगीचा विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, हस्तशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष श्री शम्भूनाथ चक्रवर्ती, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर गुप्ता, हरिनारायण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रीना बरला, मंडल प्रभारी केशव यादव, मंडल अध्यक्ष हरिश कुमार आरिक, जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश, उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, मंडल महामंत्री पवन कुमार सिंह, राजकिशोर जायसवाल, महादेवडांड मंडल अध्यक्ष प्रतीक प्रकाश सिंह, पार्षद एल.आर. चौहान सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बगीचा एसडीएम समीर बड़ा की भी उपस्थिति रही।
यात्रा में युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। तिरंगा हाथों में लेकर चल रहे लोगों में देश के प्रति गर्व और उत्साह साफ नजर आया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
कल्याण आश्रम चौक पर तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर सभा आयोजित की गई। वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और राष्ट्र की एकता-अखंडता को मजबूत करने के लिए नागरिकों की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। इसके बाद उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
बगीचा में निकली यह तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम, एकता और देश की आन-बान-शान तिरंगे के प्रति सम्मान का सामूहिक संकल्प बनकर सामने आई। स्वतंत्रता दिवस से पहले हजारों कदमों के साथ आगे बढ़ती यह यात्रा लोगों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर गई।
