माँ नर्मदा का जल लेकर महादेव की शरण में पहुंचेंगे कांवड़िए, अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी की पदयात्रा में दिखेगा श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम
अमरकंटक। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में माँ नर्मदा मंदिर, अमरकंटक से भोरमदेव तक निकलने वाली 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा के पूर्व संध्या पर अमरकंटक स्थित मेला मैदान (डोम), नवीन नगर पालिका परिसर में भव्य धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने शामिल होकर कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के साथ माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ की भव्य आरती की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को भोजन परोसकर उनकी सेवा भी की। श्रद्धा, सेवा और भक्ति से ओत-प्रोत इस आयोजन ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ भक्तिमय वातावरण में सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक श्री राकेश शर्मा जी द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजन संध्या ने आयोजन को और भी भावपूर्ण बना दिया। भजनों की मधुर धुन और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के साथ महादेव की भक्ति में रमने का अवसर उपस्थित लोगों के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभूति का क्षण रहा।
इस अवसर पर बेलतरा विधायक शुशांत शुक्ला , कबीरधाम जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी , पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू सहित जिला एवं जनपद के पदाधिकारी, मंडल एवं बूथ अध्यक्ष व प्रभारी, पंडरिया विधानसभा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधिगण, माँ नर्मदा एवं नर्मदेश्वर महादेव के दर्शन हेतु पहुंचे श्रद्धालु तथा 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा में शामिल होने वाले कांवड़िया भाई-बहन उपस्थित रहे।
आस्था और सनातन परंपरा का संगम
माँ नर्मदा की पावन धारा से जल लेकर भोरमदेव के बाबा भोलेनाथ को अर्पित करने वाली यह 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा केवल धार्मिक यात्रा ही नहीं, बल्कि आस्था, सेवा, समर्पण और सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। अमरकंटक से भोरमदेव तक कांवड़ियों की यह यात्रा माँ नर्मदा और भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था को अभिव्यक्त करेगी।
इस पावन अवसर पर सभी ने कांवड़ यात्रियों की मंगलमय यात्रा तथा क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
