रथ मेले में खुड़खुड़िया जुआ का बड़ा खेल, पुलिस की दबिश में 7 आरोपी गिरफ्तार, दो फड़ों से ₹77,240 नगद बरामद
पत्थलगांव। ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा में आयोजित रथ मेले के दौरान खुड़खुड़िया पट्टी और गोटी से जुआ खिलाने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मेले में दो अलग-अलग जुआ फड़ पर दबिश देकर जुआ खेलाने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों फड़ों से पुलिस ने कुल 77 हजार 240 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके साथ ही खुड़खुड़िया पट्टी, छह नग प्लास्टिक की गोटी, बांस की टोकरी, प्लास्टिक की चटाई, लाल रंग का करीब तीन लीटर क्षमता वाला पेट्रोमैक्स गैस लैंप सहित जुआ खेलने और खिलाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार जशपुर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 8 अगस्त 2026 को पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा स्थित रथ मेले में कुछ लोग खुड़खुड़िया नामक जुआ खेला रहे हैं और लोगों से रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगवाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सउनि लखेश कुमार साहू सहित पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने रथ मेले में पहुंचकर घेराबंदी की। मौके पर पुलिस ने देखा कि सार्वजनिक स्थान पर सीसी रोड के किनारे पेट्रोमैक्स गैस लैंप की रोशनी में दो अलग-अलग जुआ फड़ लगाए गए थे। दोनों फड़ों पर खुड़खुड़िया पट्टी और गोटी के जरिए रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खिलाया जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही जुआ खेलने वाले कुछ लोग मौके से भाग निकले, लेकिन जुआ फड़ संचालित कर रहे सात आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पहले जुआ फड़ से पुलिस ने निराकार खुटिया, विजय भगत, अगस्तु भगत और नितेश किण्डो को पकड़ा। इनके फड़ और कब्जे से 42 हजार 810 रुपये नगद बरामद किए गए। वहीं दूसरे जुआ फड़ से दिलीप खलखो, अकबर किण्डो और रंजीत किण्डो को गिरफ्तार किया गया। इनके फड़ और कब्जे से 34 हजार 430 रुपये नगद बरामद हुए। इस तरह दोनों जुआ फड़ों से पुलिस ने कुल 77 हजार 240 रुपये नगद जब्त किए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खुड़खुड़िया पट्टी, छह प्लास्टिक की गोटियां, बांस की टोकरी, प्लास्टिक की चटाई और लाल रंग का करीब तीन लीटर क्षमता वाला पेट्रोमैक्स गैस लैंप सहित जुआ संचालन में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मौके की पूरी कार्रवाई विधिवत दर्ज की।
मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 168/2026 एवं 169/2026 दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2), 4 एवं 6 के तहत दोनों मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर 9 अगस्त को सातों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में निराकार खुटिया (27), निवासी लुड़ेग तेन्दुपारा, विजय भगत (44), निवासी लुड़ेग पण्डरीबहला, अगस्तु भगत (45), निवासी घरजियाबथान, नितेश किण्डो (34), निवासी घरजियाबथान झगरापारा, दिलीप खलखो (30), निवासी घरजियाबथान, अकबर किण्डो (43), निवासी घरजियाबथान तथा रंजीत किण्डो (36), निवासी घरजियाबथान, थाना पत्थलगांव क्षेत्र शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय, सउनि लखेश कुमार साहू, प्र.आर. 45, 147 तथा आरक्षक 28, 667, 568, 648 और 326 सहित थाना पत्थलगांव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की ओर से सार्वजनिक स्थानों और मेलों में अवैध रूप से जुआ संचालित करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पत्थलगांव क्षेत्र के मेले में खुड़खुड़िया के माध्यम से जुआ खिलाने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जुआ और सट्टा जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
