जशपुर में पिता-पुत्र के विवाद ने लिया खूनी रूप, बेटे ने सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर किया वार, अस्पताल ले जाते समय मौत; हत्या के आरोप में 32 वर्षीय बेटा गिरफ्तार
जशपुर/तपकरा। थाना तपकरा क्षेत्र के ऊपर कछार चौकी अंतर्गत ग्राम सिंगीबहार में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद के दौरान बेटे ने कथित तौर पर अपने पिता के सिर पर घर में रखे सील-लोढ़ा से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 अगस्त 2026 की है। मृतक कृष्णा सिंह के भतीजे योगादर सिंह को गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसके चचेरे भाई सूरज सिंह का अपने पिता कृष्णा सिंह के साथ विवाद हुआ है और मारपीट के बाद कृष्णा सिंह बेहोश पड़े हैं। सूचना मिलते ही योगादर सिंह मौके पर पहुंचा। वहां कृष्णा सिंह खटिया पर बेहोशी की हालत में मिले। उनके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था। आरोपी सूरज सिंह भी मौके पर मौजूद था।
परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से कृष्णा सिंह को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल केरसेई पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शासकीय अस्पताल कुनकुरी रेफर किया। कुनकुरी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने जांच के बाद कृष्णा सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना कुनकुरी पुलिस ने बिना नंबर का मर्ग कायम कर मृतक के शव का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामला तपकरा थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी आगे की कार्रवाई के लिए थाना तपकरा भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 7 अगस्त को आरोपी सूरज सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम सिंगीबहार, चौकी ऊपर कछार, थाना तपकरा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता के स्वभाव को लेकर आए दिन घर और बाहर विवाद की स्थिति बनती रहती थी। घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर आवेश में आकर घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, चौकी प्रभारी ऊपर कछार सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा तथा आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह और अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
