शतरंज की बिसात पर भिड़ेंगे देशभर के दिग्गज खिलाड़ी, जशपुर में पहली बार ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटेड टूर्नामेंट, विजेता को 50 हजार और उपविजेता को 30 हजार
जशपुरनगर। जशपुर जिले में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। ‘चेकमेट @ जशपुर’ ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटेड शतरंज टूर्नामेंट-2026 का आयोजन 29 अगस्त से 1 सितंबर तक पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा जशपुर जिला शतरंज संघ के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता को ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ का भी सहयोग प्राप्त है।
प्रतियोगिता में देशभर से शतरंज खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। मुकाबले में कुल 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। मुख्य वर्ग में विजेता खिलाड़ी को 50 हजार रुपये, उपविजेता को 30 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 20 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा प्रतियोगिता में शीर्ष 17 खिलाड़ियों के साथ अंडर-15, अंडर-13, अंडर-11 और अंडर-9 बालक-बालिका वर्ग, अंडर-1650, अनरेटेड, वेटरन एवं महिला वर्ग के खिलाड़ियों के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं। जशपुर जिले और सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए उनके लिए भी विशेष पुरस्कारों का प्रावधान किया गया है।
आठ राउंड में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता फिडे स्विस सिस्टम के तहत कुल आठ राउंड में आयोजित होगी। प्रत्येक खिलाड़ी को बाजी के लिए 90 मिनट का समय दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड का इंक्रीमेंट निर्धारित किया गया है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जशपुर जिले के खिलाड़ियों के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये, सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों के लिए 800 रुपये तथा अन्य जिलों और राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए 1200 रुपये निर्धारित किया गया है। 22 अगस्त तक सामान्य प्रवेश शुल्क लागू रहेगा। 22 अगस्त शाम 5 बजे के बाद 200 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। वहीं 24 अगस्त के बाद किसी भी खिलाड़ी का प्रवेश स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए वर्ष 2026-27 का AICF पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता के पहले 50 खिलाड़ियों के लिए नि:शुल्क डॉरमेट्री आवास की व्यवस्था भी की जाएगी।
जशपुर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता आयोजित होने से जिले के स्थानीय शतरंज खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों और शतरंज खिलाड़ियों में भी उत्साह देखा जा रहा है।
