जशपुर में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर दिखा अंतरिक्ष विज्ञान का रोमांच, ISRO के वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद, 240 छात्र-छात्राओं ने जाना चंद्रयान से गगनयान तक भारत की अंतरिक्ष यात्रा
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर दिखा अंतरिक्ष विज्ञान का रोमांच, ISRO के वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद, 240 छात्र-छात्राओं ने जाना चंद्रयान से गगनयान तक भारत की अंतरिक्ष यात्रा

जशपुर। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस-2026 के अवसर पर जशपुर में अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (CCOST) एवं छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर, रायपुर द्वारा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर (NRSC), क्षेत्रीय रिमोट सेंसिंग केन्द्र नागपुर, शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन जशपुर के सहयोग से 7 अगस्त को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर में विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से करीब 240 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में ISRO के नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर एवं क्षेत्रीय रिमोट सेंसिंग केन्द्र नागपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों से रूबरू कराया। वैज्ञानिकों ने चंद्रयान मिशन, आदित्य-L1, गगनयान मिशन, उपग्रह प्रौद्योगिकी, रिमोट सेंसिंग तथा अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिकों के साथ सीधे संवाद करने और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े सवाल पूछने का भी अवसर मिला।

कार्यक्रम स्थल पर आयोजित स्पेस एग्जीबिशन विद्यार्थियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। प्रदर्शनी में भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम, उपग्रह तकनीक, अंतरिक्ष अभियानों और ISRO की प्रमुख उपलब्धियों से संबंधित विभिन्न मॉडल एवं प्रदर्शनियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियों को समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में काफी रुचि दिखाई और वैज्ञानिकों से विभिन्न जानकारियां हासिल कीं।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस-2026 की थीम पर विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक समझ को सामने लाने के लिए पोस्टर प्रतियोगिता एवं अंतरिक्ष विज्ञान आधारित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम, अंतरिक्ष विज्ञान और ISRO की उपलब्धियों को अपने पोस्टरों में आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार राकेश महतो, कक्षा 11वीं, संत जेवियर शांति भवन जशपुर, द्वितीय पुरस्कार शिवम सोनी, कक्षा 11वीं, सेजेस जशपुर और तृतीय पुरस्कार प्रियांश साव, सेजेस जशपुर ने प्राप्त किया।

इसी तरह अंतरिक्ष विज्ञान आधारित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक जानकारी और तार्किक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मुश्कान नायक, कक्षा 11वीं, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय जशपुर, द्वितीय पुरस्कार नितेश यादव, कक्षा 12वीं, मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर और तृतीय पुरस्कार हर्षिता सिंह, कक्षा 12वीं, जशपुरांचल अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जशपुर ने हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय जशपुर, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुरांचल अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, शांति भवन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गम्हरिया, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोड़काचौरा तथा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए। जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी स्पेस एग्जीबिशन का अवलोकन किया और विद्यार्थियों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ाने वाली इस पहल की सराहना की।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि विकसित करना, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना तथा उन्हें भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों और इस क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं से परिचित कराना है। कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, CCOST, छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर रायपुर, ISRO के NRSC एवं क्षेत्रीय रिमोट सेंसिंग केन्द्र नागपुर, शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image