राजपरिवार की पहचान से आगे बढ़कर किसान के साथी बने विजय आदित्य सिंह जूदेव,धान की रोपाई कर जीता ग्रामीणों का दिल, श्रमदान के बाद किसानों संग बैठकर किया भोजन,सादगी और आत्मीयता ने जीता ग्रामीणों का विश्वास
ताजा खबरें


बड़ी खबर

राजपरिवार की पहचान से आगे बढ़कर किसान के साथी बने विजय आदित्य सिंह जूदेव,धान की रोपाई कर जीता ग्रामीणों का दिल, श्रमदान के बाद किसानों संग बैठकर किया भोजन,सादगी और आत्मीयता ने जीता ग्रामीणों का विश्वास

जशपुरनगर। विधानसभा कुनकुरी क्षेत्र के जनसंपर्क अभियान के दौरान शुक्रवार को ग्राम पंचायत बासनताला में एक अलग ही नज़ारा देखने को मिला। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव गांव से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे धान की रोपाई कर रहे किसानों पर पड़ी। किसानों की मेहनत और खेतों में चल रहे कृषि कार्य को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और बिना किसी औपचारिकता के सीधे खेत में उतर गए।

खेत में पहुंचकर विजय आदित्य सिंह जूदेव ने किसानों से धान की रोपाई की पारंपरिक विधि और तकनीक की जानकारी ली। किसानों ने उन्हें पौध रोपने का तरीका बताया, जिसके बाद उन्होंने स्वयं भी खेत में उतरकर धान की रोपाई की। पहली बार खेत में रोपाई करने का अनुभव उनके लिए भी खास रहा। खेत में मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने उनका उत्साह बढ़ाया और पूरा माहौल आत्मीयता से भर गया।

जशपुर राज परिवार के सदस्य को अपने बीच खेत में श्रम करते देखकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का इस तरह गांव और किसानों के बीच पहुंचना तथा उनके साथ श्रम करना अपनेपन का संदेश देता है। कई ग्रामीणों ने इस अवसर को यादगार बताया।

रोपाई के बाद किसानों के साथ बैठकर किया भोजन

धान की रोपाई पूरी होने के बाद विजय आदित्य सिंह जूदेव ने किसानों और ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर पारंपरिक ग्रामीण भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने खेती-किसानी, बारिश की स्थिति, धान की फसल, सिंचाई व्यवस्था, खाद-बीज की उपलब्धता और गांव के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर ग्रामीणों से चर्चा की। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर उनके सामने रखे।

"मिट्टी से जुड़ने का सुख जीवनभर याद रहता है"

ग्रामीणों से चर्चा करते हुए विजय आदित्य सिंह जूदेव ने कहा कि गांव, किसान और खेती भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि मिट्टी से जुड़ने का सुख और किसानों के साथ बिताए ऐसे पल जीवनभर याद रहते हैं। गांवों की आत्मीयता, सहयोग और एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका सम्मान करना हर व्यक्ति का दायित्व है।

सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की दी जानकारी

जनसंपर्क के दौरान उन्होंने किसानों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों के हित में लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था, कृषि यंत्रीकरण तथा अन्य किसान कल्याणकारी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।

ग्रामीणों को याद आई स्व. दिलीप सिंह जूदेव की कार्यशैली

विजय आदित्य सिंह जूदेव की सहजता और सादगी पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बनी रही। ग्रामीणों ने कहा कि जशपुर राज परिवार से जुड़े होने के बावजूद जिस आत्मीयता के साथ वे किसानों के बीच पहुंचे, खेत में श्रम किया और उनके साथ बैठकर भोजन किया, उससे उन्हें स्वर्गीय पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री दिलीप सिंह जूदेव की जनसरोकारों से जुड़ी कार्यशैली की याद ताजा हो गई।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत बासनताला के उपसरपंच हेमंत यादव, कुनकुरी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, भाजपा कार्यकर्ता, किसान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान गांव में आत्मीयता, किसान सम्मान और जनसंपर्क का अनूठा वातावरण देखने को मिला।

Leave Your Comment

Click to reload image