सीएम हेल्पलाइन 1076 की शिकायत पर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, लोदाम की बर्तन दुकान में छापा ,बिना लाइसेंस चल रहा था घरेलू गैस सिलेंडरों का कथित अवैध कारोबार
जशपुर 29 जुलाई 2026/ जशपुर जिले में सीएम हेल्प लाइन नंबर 1076 में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जा रहा है।
इसी कड़ी में खाद्य विभाग को ऑनलाईन माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई की ग्राम लोदाम के मुख्य मार्ग पर स्थित बर्तन की दुकान में बीरू (मुकेश साहू) दुकान द्वारा बिना वैध लाइसेंस के घरेलू एलपीजी गैस सिलेण्डरों की अवैध बिक्री पिछले 1.5 वर्षों से प्रत्येक सप्ताह 4-5 घरेलु एलपीजी सिलेंडर लाकर विक्रय किया जा रहा है। मुख्य सड़क एवं सार्वजनिक स्थान पर अनाधिक्रृत गैस विक्रय किए जाने से गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है जिससे आम नागरिकों की असुरक्षा होने संबंधित शिकायत के संबंध में जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश है।
उक्त शिकायत के संबंध में सहायक खाद्य अधिकारी जिला जशपुर एवं खाद्य निरीक्षक, जशपुर द्वारा संयुक्त रूप से जांच दिनांक 28.07.2026 को किय गया। जांच के समय श्री मुकेश कुमार साहू एवं उनकी पत्नी श्रीमती रूपा साहू निवासी लोदाम उपस्थित रहे, उनके द्वारा बर्तन दुकान का संचालन किया जाता है , जांच के समय संबंधित द्वारा घर दुकान में घरेलु उपयोग के अतिरिक्त इण्डेन कम्पनी का शीलबंद 9 नग भरा हुआ व 01 नग खाली सिलेण्डर एवं बी.पी.सी.एल कम्पनी 03 नग खाली सिलेण्डर कुल 13 नग गैस सिलेण्डर अवैध रूप से भण्डारण पाया गया। उनके द्वारा 3 गैस कार्ड दिखाया गया जिसमें उनकी माता के नाम 01 उज्जवला योजना का कनेक्शन, श्री मुकेश कुमार साहू एवं उनकी पत्नी के नाम से सामान्य गैस कार्ड प्रस्तुत किया गया है।
घरेलु उपयोग के अतिरिक्त कुल 13 नग गैस सिलेण्डर के संबंध में जांच के समय किसी प्रकार वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जप्ती पश्चात् सुरक्षार्थ हेतु लोदाम विकासखण्ड जशपुर के गैस एजेंसी के सुपूर्द में दिया जाकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
