संकल्प शिक्षण संस्थान ने दिया हरित भविष्य का संकल्प, छात्रों ने गोद लिए पौधे, जन्मदिन पर भी शिक्षिका ने निभाई पर्यावरण संरक्षण की अनोखी परंपरा
ताजा खबरें


बड़ी खबर

संकल्प शिक्षण संस्थान ने दिया हरित भविष्य का संकल्प, छात्रों ने गोद लिए पौधे, जन्मदिन पर भी शिक्षिका ने निभाई पर्यावरण संरक्षण की अनोखी परंपरा

जशपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए संकल्प शिक्षण संस्थान में उत्साह और जनभागीदारी के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रबंधन ने मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षिका सीमा गुप्ता ने जामुन का पौधा तथा शिक्षक दीपक कुमार ग्वाला ने लक्ष्मी तरु का पौधा लगाकर की। इसके बाद विद्यार्थियों ने बरगद, पीपल, आम, अमरूद, गुलैची, लक्ष्मी तरु, सागौन और गुलमोहर सहित कई प्रजातियों के पौधे रोपे।

कार्यक्रम की विशेष पहल के तहत प्रत्येक कक्षा के छात्रों और छात्राओं को एक-एक पौधा गोद दिया गया। इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित कक्षा के विद्यार्थियों को सौंपी गई, ताकि उनमें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित हो।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य विनोद गुप्ता ने कहा कि "पेड़ ही जीवन हैं। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए ऑक्सीजन और स्वच्छ पर्यावरण का आधार बनेगा। संकल्प शिक्षण संस्थान का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार और पर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिक तैयार करना भी है।"

शिक्षिका सीमा गुप्ता ने बच्चों को पेड़ों के महत्व, पर्यावरण संतुलन, भूजल संरक्षण और बढ़ती गर्मी को कम करने में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष अपने जन्मदिन पर विद्यालय परिसर में एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती हैं।

पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया। साथ ही, कक्षा नौवीं के 38 विद्यार्थियों से उनके घरों में 38 पौधे लगवाकर उन्हें उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी सौंपी, जिससे बच्चों में प्रकृति संरक्षण की भावना और मजबूत हो सके।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय सहयोग रहा। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में हरियाली और स्वच्छ वातावरण का संदेश देंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image