सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, खरसोता स्कूल में नवमी की छात्राओं को वितरित हुई साइकिलें
मनोरा
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरसोता में आज दिनांक 21 जुलाई 2026 को राज्य शासन की सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नवमी में अध्ययनरत सभी छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व बीडीसी श्री दिनेश्वर प्रधान तथा विशिष्ट अतिथि सरपंच श्रीमती पद्मावती ओहदार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री दिनेश कुमार राम ने की। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, शिक्षा के प्रति समर्पित रहने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना, विद्यालय तक उनकी पहुँच को सुगम बनाना तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
