जशपुर के देशदेखा में बड़ा हादसा, पर्यटकों पर गिरी आकाशीय बिजली, 20 वर्षीय युवक की मौत, दो गंभीर घायल
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर के देशदेखा में बड़ा हादसा, पर्यटकों पर गिरी आकाशीय बिजली, 20 वर्षीय युवक की मौत, दो गंभीर घायल

जशपुरनगर। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देशदेखा में शनिवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, केराडीह और कुनकुरी क्षेत्र के चार दोस्त स्कॉर्पियो वाहन से घूमने के लिए देशदेखा पहुंचे थे। उस समय आसमान में घने बादल छाए हुए थे और आसपास बारिश भी शुरू हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही चारों युवक वाहन से उतरकर कुछ कदम आगे बढ़े, तभी अचानक उनके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई।

इस हादसे में केराडीह निवासी गौरव खलखो (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आशीष प्रजापति और दानिश खान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। चौथा युवक सुरक्षित बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने शनिवार को जशपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की थी। चेतावनी के करीब 20 घंटे बाद यह दुखद हादसा सामने आया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले स्थानों, पहाड़ी क्षेत्रों पर जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image