जशपुर के सपनों को मिली नई उड़ान, मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति पर बगीचा में जनउत्साह,आतिशबाजी, मिठाइयों और जयघोष के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार, कहा—अब स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लिखेगा विकास का नया इतिहास
नारायणपुर/बगीचा। वर्षों से मेडिकल कॉलेज की मांग कर रहे आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिले के लोगों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जिले में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति दिए जाने की घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इसी खुशी को साझा करने के लिए बगीचा बस स्टैंड में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने जोरदार उत्सव मनाया। भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश आरिक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे बस स्टैंड परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समर्थन में जमकर नारे लगाए और इस फैसले को जशपुर जिले के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया। स्थानीय नागरिकों ने भी इस सौगात को आदिवासी अंचल के भविष्य को नई दिशा देने वाला निर्णय बताया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश आरिक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की दशकों पुरानी मांग पूरी कर ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से जशपुर ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। गंभीर मरीजों को अब इलाज के लिए रायपुर, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से डॉक्टर, नर्सिंग, पैरामेडिकल, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उच्च शिक्षा के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगा।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। जशपुर जैसे दूरस्थ आदिवासी जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि अब जिले के लोगों को बेहतर इलाज के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। समय पर उपचार मिलने से गरीब और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत भी मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और संवेदनशील नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह सौगात पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, मिठाइयां वितरित कर और एक-दूसरे को बधाई देकर अपनी खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जशपुर जिले की पहचान शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी मजबूत होगी तथा आदिवासी अंचल के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर भजपा मण्डल अध्यक्ष हरीश आरिक,नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर गुप्ता, पार्षद राजकिशोर जायसवाल, मंडल महामंत्री पवन सिंह, कोषाध्यक्ष पंकज जैन, एल्डरमैन हरीशंकर पैंकरा, उमाशंकर ठाकुर, बजरंग अग्रवाल, विनय यादव, राजेंद्र कृष्ण गुप्ता, विपिन यादव, ऋत्विक जैन, शुभम जिंदल, संतोष गुप्ता, भगवान गुप्ता, दीपक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
