मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरा किया क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना, कुनकुरी मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति पर नारायणपुर में आतिशबाजी, मिष्ठान वितरण और जनआभार समारोह से मनाया गया ऐतिहासिक उत्सव
ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरा किया क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना, कुनकुरी मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति पर नारायणपुर में आतिशबाजी, मिष्ठान वितरण और जनआभार समारोह से मनाया गया ऐतिहासिक उत्सव

नारायणपुर । कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज को आधिकारिक स्वीकृति मिलने की ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्साह अब गांव-गांव तक पहुंच गया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारायणपुर के जैस्तंभ चौक में भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मंडल कुनकुरी द्वारा भव्य जनआभार एवं खुशी उत्सव का आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, रंग-बिरंगी आतिशबाजी, मिठाइयों की मिठास और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए तथा मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति को जशपुर जिले के विकास का नया अध्याय बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

उपस्थित लोगो  ने कहा कि वर्षों से जिस मेडिकल कॉलेज का सपना देखा जा रहा था, वह अब साकार होने जा रहा है। इससे न केवल जशपुर बल्कि कुनकुरी, फरसाबहार, दुलदुला, पत्थलगांव, कांसाबेल सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि जिले की पहचान भी शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

 इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण मंडल अध्यक्ष उमेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कुनकुरी मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को रायपुर, बिलासपुर, रांची या अन्य बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। विशेषज्ञ डॉक्टर, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और उच्चस्तरीय उपचार जिले में ही उपलब्ध होने से समय और धन दोनों की बचत होगी तथा गरीब और ग्रामीण परिवारों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए डॉक्टर बनने का सपना साकार करने का रास्ता आसान होगा। मेडिकल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे, साथ ही नर्सिंग, पैरामेडिकल, लैब टेक्नीशियन, फार्मेसी और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। इसके अलावा  छोटे-बड़े व्यवसायों को भी नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मो. असलम आज़ाद ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनहित के निर्णय लेकर गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और विद्यार्थियों के जीवन को बेहतर बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी सौगात आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर साबित होगी और जशपुर जिले को स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।

पूर्व युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विकास नाग ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सरल, सहज और जनसेवक व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने क्षेत्र की जनता की भावनाओं को समझते हैं और विकास के प्रत्येक वादे को धरातल पर उतारने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति इस बात का प्रमाण है कि सरकार दूरस्थ अंचलों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष तुलाधार यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकसित जशपुर और विकसित छत्तीसगढ़ का सपना अब तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज आने से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी, युवाओं को बेहतर शिक्षा मिलेगी और क्षेत्र का समग्र सामाजिक एवं आर्थिक विकास नई रफ्तार पकड़ेगा।

ग्रामीणों ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए सैकड़ों किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज बनने से समय पर इलाज मिलेगा, चिकित्सा खर्च कम होगा और विद्यार्थियों को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र से प्रतिभाओं का पलायन भी कम होगा और स्थानीय युवाओं को अपने घर के नजदीक ही बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं के बीच मिष्ठान वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और जनभागीदारी का अनूठा दृश्य देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की थाप, आतिशबाजी की रोशनी और विकास के नारों के बीच ग्राम नारायणपुर ने कुनकुरी मेडिकल कॉलेज की ऐतिहासिक सौगात का हर्षोल्लास के साथ स्वागत करते हुए इसे जशपुर जिले के भविष्य को बदलने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।

  इस कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, मंडल उपाध्यक्ष तुलाधर यादव,जनपद सदस्य संजय बंग, संतन राम , महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती भारती भगत , किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र राम , भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुरजीत सिंह सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मेडिकल कॉलेज से बदलेगी क्षेत्र की    तस्वीर

कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से पूरे जशपुर अंचल के विकास को नई गति मिलेगी। अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ेगा। क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों के नजदीक पहुंचेंगी।

मेडिकल कॉलेज शुरू होने से स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही नर्सिंग, पैरामेडिकल, लैब, फार्मेसी सहित स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के कारण होटल, हॉस्टल, मेडिकल स्टोर, परिवहन, किराये के आवास और अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। लोगों का मानना है कि यह योजना केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जशपुर जिले की शिक्षा, रोजगार, व्यापार और आधारभूत विकास को भी नई दिशा देगी।

Leave Your Comment

Click to reload image