पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी के मार्गदर्शन में जनसेवा का अनूठा अभियान, सोगड़ा आश्रम के निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 50 मरीजों का हुआ उपचार
जशपुर। जिले के ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम में रविवार को एक दिवसीय निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सोगड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 50 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
जानकारी के अनुसार, बाबा भगवान राम ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी के निर्देश पर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ वाड्रफनगर से आए होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया। इस दौरान सहयोगी जितेंद्र सिंह ने भी सेवा कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सुबह से शाम तक चले शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही सभी जरूरतमंद मरीजों को आश्रम की ओर से निःशुल्क होम्योपैथिक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों ने ऐसे सेवा कार्य की सराहना करते हुए नियमित रूप से शिविर आयोजित करने की मांग भी की।
आश्रम प्रबंधन ने बताया कि ग्रामीण अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर प्रत्येक माह आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में अगला शिविर 16 अगस्त 2026 को ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम में लगाया जाएगा। उपचार या परामर्श के इच्छुक मरीज आश्रम में सीधे पहुंचकर अथवा दूरभाष के माध्यम से अग्रिम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर के सफल एवं शांतिपूर्ण समापन पर आश्रम प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों ने चिकित्सक दल के प्रति आभार व्यक्त किया।
