छत्तीसगढ़ में फिर मेहरबान हुआ मानसून, अगले चार दिन झमाझम बारिश के संकेत, कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी
रायपुर, 09 जुलाई। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की भी आशंका व्यक्त की गई है। विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने से इस कमी के कुछ हद तक कम होने की उम्मीद है।
गुरुवार को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरिया, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव और कांकेर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी हो सकती है।
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मौसम कई सक्रिय मौसमी प्रणालियों से प्रभावित हो रहा है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र, सक्रिय द्रोणिका तथा चक्रवाती परिसंचरण के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
लगातार हो रही बारिश खरीफ फसलों के लिए राहत लेकर आई है। खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से किसानों को फायदा होगा। हालांकि जिन क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, वहां जलभराव और फिसलन की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है, जबकि तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। मौसम सुहावना बना रहने की संभावना है। -स्रोत्र आरएनएस
