सफलता के लिए संघर्ष के साथ सही रणनीति भी जरूरी, लक्ष्य पर रखें पूरा फोकस: डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा
जशपुरनगर।
संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में अध्ययनरत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष प्रेरणादायक सत्र का आयोजन हुआ। इस सत्र में डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन का अनुभव साझा किया। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन से लेकर डिप्टी कलेक्टर बनने तक के जीवन संघर्ष को साझा किया ।
सत्र में आगे डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने छात्रों के व्यक्तिगत और बौद्धिक विकास के लिए कुछ अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी बात की। उन्होंने मेहनत के बाद भी अपेक्षित परिणाम न मिलने पर ठहराव के बजाय रणनीति में बदलाव, समय प्रबंधन के साथ सही प्रयास, संतुलित और सक्रिय मस्तिष्क के साथ अपनी पूरी क्षमता का उपयोग और केवल लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने पर बात करते हुए प्लेटो इफेक्ट, पारेटो का सिद्धांत और रैट स्टोरी के माध्यम से समझाया। उन्होंने उभयहस्तता पर भी सेशन में चर्चा की।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को मानसिक रूप से मजबूत बनने और याददाश्त को अपडेट करने के पहलुओं पर बात की। उन्होंने कहा कि अक्सर विद्यार्थियों को किसी विषयवस्तु में आने वाले वर्ष या महत्वपूर्ण तिथियां याद रखने में कठिनाई होती है। तो इसे आसान बनाने के लिए आप उसे किसी काल्पनिक कहानी से जोड़कर एक ट्रिक बना लें और उसे नोट कर लें, इस तरह से याद की गई चीजें आप जल्दी नहीं भूलेंगे। इसके साथ ही उन्होंने सभी को किशन चहल जी द्वारा लिखित सुप्रसिद्ध पुस्तक "आर्ट ऑफ मेमोरायजिंग" को पढ़ने की सलाह दी।
इस प्रेरणादायक सत्र के संकल्प के प्राचार्य विनोद गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। सत्र में विद्यार्थियों के साथ संस्थान के शिक्षक दीपक ग्वाला, राजेंद्र प्रेमी और अश्विनी सिंह भी उपस्थित रहे।
