कलेक्टर रोहित व्यास की अभिनव पहल: जशपुर के विद्यार्थियों को मिलेगा एआई का आधुनिक ज्ञान, केंद्रीय विद्यालय जशपुर और पीएम श्री सेजेस पत्थलगांव में छह दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
जशपुर नगर। 1 जुलाई 2026
कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में केंद्रीय विद्यालय जशपुर और पीएम श्री सेजेस पत्थलगांव में ई- शिक्षा पर आधारित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षण प्रशिक्षण आज से शुरू हुआ। दोनों विद्यालयों में यह प्रशिक्षण आगामी 6 दिनों तक चलेगा। इस कार्यक्रम से कक्षा नवी से 12वीं तक के लगभग 2000 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।
तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और अध्ययन में इसके उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के द्वारा पीएमश्री, केंद्रीय, नवोदय , स्वामी आत्मानंद, कस्तूरबा गांधी और आईसीटी लैब युक्त विद्यालयों में एआई शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है।
केंद्रीय विद्यालय जशपुर में बीईओ श्रीमती कल्पना टोप्पो, एबीईओ टुमनू गोसाईं, यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय और केंद्रीय विद्यालय के कंप्यूटर टीचर वसीम फारूक की उपस्थिति में प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ।
जशपुर में ट्रेनर्स सुश्री रेणुका चक्रधारी, सुश्री संजना मरकाम और पत्थलगांव में सुश्री नीतू और सुश्री प्रियंका ठाकुर ट्रेनिंग दे रही है। पहले दिन विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणा और कार्यप्रणाली के साथ बताया कि एआई क्या है और किस प्रकार कार्य करता है। कार्यशाला में एआई टूल्स के सैद्धांतिक और प्रयोगिक सत्र शामिल रहे । प्रशिक्षकों ने बताया कि एआई भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और यह तकनीक हेल्थकेयर, शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से उपयोगी हो रही है। कार्यशाला में विद्यार्थियों को यह भी सिखाया गया कि एआई टूल्स के लिए प्रॉम्प्ट कैसे देने है, उदाहरणों के साथ इसे समझाया। प्रशिक्षण की शुरुआत एक मज़ेदार एनर्जाइज़र एक्टिविटी से हुई, इसके बाद प्रशिक्षकों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का विस्तृत परिचय दिया गया, जिसमें इसके बेसिक्स, महत्व और दैनिक जीवन में इसके रियल-लाइफ एप्लीकेशंस पर चर्चा की गई। साथ ही, AI की हिस्ट्री और इसके इवोल्यूशन को बताया गया। सत्र में आधुनिक एआई टूल्स का लाइव डेमोंस्ट्रेशन रहा, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को गूगल लेंस, गूगल ट्रांसलेट, चैट जीपीटी और जैमिनी जैसे टूल्स का लाइव डेमो देकर उनके प्रैक्टिकल उपयोग सिखाए गए।
पीएम श्री सेजेस पत्थलगांव में बीईओ कमलेश यादव, बीआरसीसी जगन्नाथ पाढ़ी , प्राचार्य श्रीमती तनु ठाकुर की उपस्थिति में प्रशिक्षण शुरू हुआ। सभी विद्यालयों में लैब में उपलब्ध कंप्यूटर की संख्या के आधार पर विद्यार्थियों को बैच में लगातार तीन दिनों तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
