हेलमेट नहीं तो अब नहीं मिलेगी राहत: जशपुर पुलिस का बड़ा संदेश, एक घंटे तक दिखाई सड़क सुरक्षा फिल्म, जल्द शुरू होगा सख्त चालानी अभियान
ताजा खबरें


बड़ी खबर

हेलमेट नहीं तो अब नहीं मिलेगी राहत: जशपुर पुलिस का बड़ा संदेश, एक घंटे तक दिखाई सड़क सुरक्षा फिल्म, जल्द शुरू होगा सख्त चालानी अभियान

जशपुर, 28 जून। सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही मौतों पर अंकुश लगाने और लोगों में सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने रविवार को जिलेभर में एक अनोखा और प्रभावी सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान संचालित किया गया, जिसमें बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर सिर्फ समझाइश ही नहीं दी गई, बल्कि उन्हें लगभग एक घंटे तक सड़क सुरक्षा पर आधारित जागरूकता फिल्म भी दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से हेलमेट नहीं पहनने, तेज रफ्तार, नशे की हालत में वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होने वाली गंभीर दुर्घटनाओं और उनके दुष्परिणामों से लोगों को अवगत कराया गया।

फिल्म प्रदर्शन के बाद सभी वाहन चालकों को "सड़क सुरक्षा के सात वचन" की शपथ दिलाई गई, जिसमें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सभी यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही न केवल उनकी बल्कि पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।

जशपुर पुलिस द्वारा पिछले कई दिनों से जिलेभर में जनचौपाल, बाइक रैली, वीडियो संदेश, स्कूलों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद लोगों से जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक कर उनकी जान बचाना है। हालांकि अब यह समझाइश का दौर अधिक दिनों तक नहीं चलेगा।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि फिलहाल पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है, लेकिन आने वाले दिनों में बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जिलेभर में विशेष चालानी अभियान चलाया जाएगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा आईएसआई मानक का हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। पुलिस ने संदेश दिया है कि "चालान का पैसा दोबारा कमाया जा सकता है, लेकिन दुर्घटना में खोया हुआ जीवन कभी वापस नहीं आता। हेलमेट आपकी पहचान नहीं, आपकी सुरक्षा है।"

Leave Your Comment

Click to reload image