BREAKING NEWS: रायगढ़ में एसी ब्लास्ट का खौफनाक हादसा, भोर में कमरे के भीतर फंसे पिता-पुत्र; जहरीले धुएं से दम घुटने पर 38 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल की मौत, बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
ताजा खबरें


बड़ी खबर

BREAKING NEWS: रायगढ़ में एसी ब्लास्ट का खौफनाक हादसा, भोर में कमरे के भीतर फंसे पिता-पुत्र; जहरीले धुएं से दम घुटने पर 38 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल की मौत, बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

रायगढ़, 26 जून। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर आवास में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। विंडो एसी के कम्प्रेसर में हुए विस्फोट के बाद कमरे में फैले घने धुएं से दम घुटने के कारण 38 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल की मौत हो गई, जबकि उनके 19 वर्षीय पुत्र राजबीर पटेल गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार अंबेडकर आवास के मकान क्रमांक 232 में रहने वाले पिता-पुत्र 24 जून की रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में विंडो एसी चलाकर सोए थे। गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे अचानक एसी के कम्प्रेसर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। विस्फोट के बाद आग की लपटें बाहर तक पहुंच गईं और कमरे के बाहर खड़े स्कूटर तथा मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद कमरे में तेजी से धुआं भर गया। नींद में होने के कारण दोनों समय रहते बाहर नहीं निकल सके और धुएं के प्रभाव से अचेत हो गए। तेज धमाके और आग देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा तत्काल डायल-112 और चक्रधरनगर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मकान का दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पुरुषोत्तम पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजबीर पटेल का उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और एसी विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि कम्प्रेसर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।

Leave Your Comment

Click to reload image