जशपुर पुलिस का विश्व पटल पर परचम: एक ही दिन में 766 गांवों में जन चौपाल लगाकर हेलमेट जागरूकता का रचा इतिहास, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर पुलिस का विश्व पटल पर परचम: एक ही दिन में 766 गांवों में जन चौपाल लगाकर हेलमेट जागरूकता का रचा इतिहास, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

जशपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष हेलमेट जनजागरूकता अभियान में जशपुर पुलिस ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिले के सभी **766 गांवों में एक ही दिन एक साथ पुलिस जन चौपाल आयोजित कर हेलमेट पहनने और यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया गया, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने प्रमाणित करते हुए अपने रिकॉर्ड में दर्ज किया है। इस उपलब्धि के साथ जशपुर पुलिस ने सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रमुख सोनल राजेश शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान कर इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभिनव अभियान की सराहना की।

जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस लगातार व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चला रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक कर सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करना है।

इस अभियान की शुरुआत 18 अप्रैल 2026 को जशपुर मुख्यालय से विशाल हेलमेट जागरूकता रैली निकालकर की गई थी। रैली में कलेक्टर रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, पुलिस अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। इसके बाद जिले के पत्थलगांव, कुनकुरी, बगीचा सहित विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी हेलमेट जागरूकता रैलियां आयोजित की गईं, जिनमें 10 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया।

जशपुर पुलिस ने जागरूकता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए मुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों के सहयोग से सोशल मीडिया के माध्यम से भी हेलमेट पहनने की अपील करवाई। इस अभियान के तहत 3 हजार से अधिक लोगों ने वीडियो संदेश जारी कर नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में 60 हजार से अधिक नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। दोपहिया वाहन चालकों और सवारों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया गया।

जशपुर पुलिस की बीट प्रणाली को और मजबूत बनाते हुए प्रत्येक गांव के लिए एक पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को सुरक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी गांवों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को हेलमेट पहनने और कानून के प्रति जागरूक करना भी है।

अभियान को सफल बनाने में लगभग 5 हजार पुलिस मितानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वयंसेवक के रूप में कार्य कर रहे पुलिस मितानों ने गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया और पुलिस तथा ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया।

24 जून 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के सभी 766 गांवों में एक साथ जन चौपाल आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के महत्व, हेलमेट की उपयोगिता और यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कई ग्राम सभाओं में हेलमेट को अनिवार्य बनाने और इसके उपयोग को बढ़ावा देने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि में पुलिस विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और पुलिस मितानों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस सफलता को जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों को समर्पित करते हुए विश्वास जताया कि इस जनजागरूकता अभियान का सकारात्मक प्रभाव आने वाले समय में सड़क दुर्घटनाओं में कमी के रूप में देखने को मिलेगा।

जशपुर पुलिस की यह पहल न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है, जहां जनभागीदारी के माध्यम से सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का रूप देने का सफल प्रयास किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image