यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी ने नवाचारी शिक्षकों का किया सम्मान, शिक्षा में नवाचार की मिसाल बने जिले के शिक्षक
जशपुर। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में ओपन लिंक्स फाउंडेशन द्वारा विनोबा ऐप के माध्यम से शिक्षकों के नवाचारों को मंच प्रदान किया जा रहा है। यह पहल जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिन्हा के दिशा-निर्देश तथा यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के समन्वय में संचालित हो रही है।
इसी कड़ी में ‘बोलेगा बचपन’ कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट शिक्षण कार्य और नवाचारी गतिविधियों के लिए चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता एवं सहयोगी संजीव शर्मा ने शिक्षकों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि जिले के विद्यालयों में बोलेगा बचपन कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। कविता वाचन, कहानी वाचन, स्पेलिंग बी और स्पोकन इंग्लिश जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और भाषा कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि उनके प्रयास अन्य शिक्षकों के लिए भी अनुकरणीय हैं।
उन्होंने कहा कि विनोबा ऐप शिक्षकों के लिए सीखने, नवाचार साझा करने और प्रेरणा प्राप्त करने का एक सशक्त मंच बन चुका है, जो शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विनोबा के एसोसिएट प्रोग्राम मैनेजर सोमनाथ साहू ने बताया कि यह ऐप जिले के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों को साझा करने, आपसी सीख को बढ़ावा देने और शैक्षणिक गतिविधियों के दस्तावेजीकरण के उद्देश्य से विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि विनोबा भावे टीम जिले में एफएलएन, जवाहर नवोदय, जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग करने के साथ-साथ दैनिक उपस्थिति डाटा संग्रहण का कार्य भी यशस्वी जशपुर के समन्वय से कर रही है।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय विजेता शिक्षकों के रूप में माध्यमिक शाला खरिझारिया की ममता कायता, प्राथमिक शाला सुजीबहार की शारदा पैंकरा, प्राथमिक शाला अंकिराकोना की सरस्वती सीदार, प्राथमिक शाला साईंटांगरटोली की ऋचा गुप्ता, प्राथमिक शाला कोरवाटोली की उत्तरा गोपाल, प्राथमिक शाला थूथीअम्बा की संध्या कुजूर, सुश्री शिल्पा तथा संकुल कस्तूरा के संकुल समन्वयक संजय सिदार को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट ऑफिसर आनंद कुमार टोप्पो, प्रोजेक्ट ऑफिसर बिप्लब देवशर्मा, यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडे, संजय दास, प्राचार्य सी.आर. भगत सहित जिले के सभी प्राचार्य एवं शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने जिले में नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।
